नोएडा में महिला सुरक्षा को मिली नई ताकत: पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किया 2 पिंक बूथ का उद्घाटन, कमिश्नरेट में अब 29 बूथ सक्रिय

नोएडा में महिला सुरक्षा को मिली नई ताकत: उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) के तहत बुधवार को गौतमबुद्धनगर में महिला सुरक्षा अभियान को नई गति मिली। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत गौर सिटी-2 (नियर महागुन मायवुड्स सोसाइटी) तथा चौकी क्षेत्र राइज चौक के अंतर्गत नियर इको विलेज 1 सोसाइटी में 2 नवनिर्मित पुलिस पिंक बूथ का विधिवत उद्घाटन किया।

इससे पहले कमिश्नरेट में 27 पिंक बूथ संचालित थे, अब इनकी कुल संख्या बढ़कर 29 हो गई है। मिशन शक्ति 5.0 के तहत पिंक बूथ के अलावा ‘स्वयं सिद्धा’ मोबाइल टीम, एंटी-रोमियो स्क्वाड और पीआरवी वाहन भी महिला सुरक्षा के लिए सक्रिय हैं।

ये पिंक बूथ जानबूझकर उन स्थानों पर स्थापित किए गए हैं जहां महिलाओं की आवाजाही सर्वाधिक रहती है। खास बात यह है कि इन बूथों पर केवल महिला पुलिसकर्मी ही तैनात रहेंगी, ताकि शिकायत लेकर आने वाली महिलाएं बिना किसी हिचक के अपनी बात रख सकें। उद्घाटन कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्हें किसी भी अपराध को चुपचाप न सहने की प्रेरणा दी और पिंक बूथ पर निःसंकोच शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया। इस अवसर पर उन्होंने वहां मौजूद बच्चों को बैग, किताबें, पानी की बोतल और टिफिन सहित अध्ययन सामग्री भी वितरित की।

 

 

यह अभियान 19 मार्च से 17 अप्रैल 2026 तक विशेष रूप से संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी स्कूलों, कॉलेजों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद करती हैं और उन्हें उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक करती हैं।

स्थानीय निवासियों की राय — उम्मीद के साथ सतर्कता भी

गौर सिटी-2 और इको विलेज जैसी बड़ी सोसाइटियों में रहने वाली महिलाओं ने इस पहल का स्वागत किया। स्थानीय निवासी नेहा वर्मा ने कहा, “हम लंबे समय से चाहते थे कि हमारी सोसाइटी के पास एक ऐसी जगह हो जहां बिना डर के जाया जा सके। पिंक बूथ पर महिला पुलिसकर्मी का होना सबसे बड़ी राहत है।” वहीं एक अन्य निवासी सपना त्यागी ने कहा, “पिंक बूथ का खुलना अच्छा कदम है, लेकिन असली परीक्षा यह होगी कि यह 24 घंटे सक्रिय रहे और शिकायतों पर कार्रवाई हो।”

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी

उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) श्री अजय कुमार, डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शक्ति मोहन अवस्थी, प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा, एडीसीपी श्री आर.के. गौतम, एसीपी द्वितीय सेंट्रल नोएडा श्री पवन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:

महिला हेल्पलाइन: 1090 | आपातकालीन सेवा: 112 | चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098 | वन स्टॉप सेंटर: 181 | मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: 1076 | साइबर हेल्पलाइन: 1930

यह भी पढ़ें: दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रदर्शन पर रोक: प्रदर्शन, धरना, रैली या सभा बिना पूर्व अनुमति के नहीं हो सकेगी, सख्त गाइडलाइंस जारी, बाहरीयों की एंट्री बैन

यहां से शेयर करें