पाकिस्तान ‘दलाल राष्ट्र’ पर हंगामा: पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के ‘दलाल राष्ट्र’ वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। खार ने शनिवार को सोशल मीडिया पर जयशंकर के बयान को ‘हद से ज्यादा’ बताते हुए लिखा, “वाह! यह तो हद ही हो गई। यह देखकर दुख होता है कि पूरा का पूरा इलाका ऐसे लोगों और उनके सियासी ड्रामे का बंधक बना हुआ है।”
यह प्रतिक्रिया उस सर्वदलीय बैठक के बाद आई है, जिसमें जयशंकर ने बुधवार को विपक्ष के सवाल पर स्पष्ट कहा था कि भारत ईरान-अमेरिका युद्ध में पाकिस्तान की तरह ‘दलाल देश’ नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में जयशंकर ने कहा था कि पाकिस्तान 1981 से अमेरिका के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाता आ रहा है, लेकिन भारत ऐसा नहीं करेगा। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने शुक्रवार को इस बयान को ‘गैर-कूटनीतिक’ बताते हुए तिरस्कारपूर्वक खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा, “जब तर्क कमजोर पड़ जाते हैं तो अपशब्दों का सहारा लिया जाता है।”
पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिश विवाद की जड़ ईरान-अमेरिका संघर्ष में पाकिस्तान की सक्रिय भूमिका है। इस्लामाबाद ईरानी और अमेरिकी नेताओं के बीच इस्लामाबाद में सीजफायर की बातचीत कराने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तानी नेता दावा कर रहे हैं कि उनकी भूमिका भारत से ज्यादा प्रभावी है। इसी को लेकर भारत ने साफ कर दिया कि वह किसी ‘बिचौलिए’ की भूमिका नहीं निभाएगा।
जयशंकर का बयान सर्वदलीय बैठक में विपक्ष के सवाल पर आया था, जहां पाकिस्तान की मध्यस्थता की पेशकश पर चर्चा हो रही थी। भारत का रुख साफ है कि वह इस तरह की ‘दलाली’ वाली भूमिका से दूर रहेगा। अभी तक इस मुद्दे पर भारत की तरफ से कोई नई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन पाकिस्तान की ओर से बयानबाजी जारी है। यह पूरा घटनाक्रम पश्चिम एशिया के तनाव के बीच दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तीखापन बढ़ा रहा है।
यह भी पढ़ें: Noida Airport Live: नोएडा को मिली नई उड़ान, पीएम मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का किया लोकार्पण

