यूपी पुलिस बनी एनएसएम क्रिकेट टूर्नामेंट की चैंपियन, फाइनल में सुपर स्मैशर्स को 7 विकेट से रौंदा

मेरठ। मेरठ में आयोजित प्रथम एनएसएम क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला यूपी पुलिस और सुपर स्मैशर्स मेरठ के बीच खेला गया, जिसमें यूपी पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। गेंदबाज साहिल हसन को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पहले बल्लेबाजी कर सुपर स्मैशर्स 106 पर सिमटी

टॉस जीतकर सुपर स्मैशर्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन यूपी पुलिस के धारदार गेंदबाजी आक्रमण के सामने पूरी टीम 19.2 ओवर में महज 106 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से सोनू चौहान ने 33 और गौरव कुमार ने 16 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज कोई खास योगदान नहीं दे सके। यूपी पुलिस की गेंदबाजी में साहिल हसन ने 3 विकेट 18 रन देकर, विवेक कुमार ने 3 विकेट 28 रन देकर और मनजीत सिंह ने 2 विकेट 21 रन देकर सुपर स्मैशर्स की पारी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

यूपी पुलिस ने 17.4 ओवर में जीता मैच

107 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी पुलिस ने 17.4 ओवर में महज 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से अनिल सरोज ने 28, चैतन्य गहलोत ने नाबाद 24, अतुल चौहान ने 21 और रोहित यादव ने नाबाद 16 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। सुपर स्मैशर्स की ओर से हरीश नेगी ने 2 विकेट लिए।

साहिल हसन बने मैन ऑफ द मैच

फाइनल में 3 विकेट लेकर मैच का रुख पलटने वाले यूपी पुलिस के तेज गेंदबाज साहिल हसन को उनके शानदार प्रदर्शन (3/18) के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा टूर्नामेंट में विवेक कुमार को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और अनुज कुमार को सर्वश्रेष्ठ फील्डर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कोच डीएसपी विश्वजीत सिंह के मार्गदर्शन में मिली जीत

यूपी पुलिस टीम के कोच एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी डीएसपी विश्वजीत सिंह के कुशल मार्गदर्शन में टीम ने यह खिताबी जीत हासिल की। विजेता यूपी पुलिस टीम को आकर्षक ट्रॉफी के साथ 1,51,000 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सुपर स्मैशर्स को ट्रॉफी के साथ 71,000 रुपये की राशि से सम्मानित किया गया।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट के बाद अब लिंक एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज, यमुना को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा नया मार्ग

यहां से शेयर करें