UP Board Exams 2026: बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न, जिलाधिकारी ने प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों को बोर्ड परीक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

UP Board Exams 2026: 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक होने वाली बोर्ड परीक्षा-2026 को  लेकर जनपद में नकल विहीन, शांतिपूर्ण एवं सुचिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने वीरवार को आईआईएमटी कॉलेज ग्रेटर नोएडा के आॅडिटोरियम हॉल में प्रशासन एवं पुलिस के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में 60 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जोनल मजिस्ट्रेट द्वारा प्रतिभाग किया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाएं पूर्णत: नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और जहां कहीं भी कमियां हों, उन्हें समय रहते दुरुस्त कराया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम की स्थापना कर 24 घंटे सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में रहें।

परीक्षा ड्यूटी में सभी अधिकारी समय से रहे उपस्थित
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारी समय से उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई, परीक्षा कक्ष में प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए एवं शासनादेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

परीक्षा में लगभग 42917 छात्र-छात्राएं करेंगे प्रतिभाग
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने अवगत कराया कि यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 में गौतम बुद्ध नगर के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के लगभग 42917 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि 60 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न होगी, सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा प्रश्नपत्रों को पुलिस अभिरक्षा में संबंधित केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।  किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: Institute of Management Studies: गोल्डन गोल कप ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता में गोल हंटर टीम बनी विजेता, फाइनल में 4-0 से शानदार जीत

यहां से शेयर करें