New Delhi news केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने बुधवार को कर्नाटक के तुमकुर जिले में लेवल क्रॉसिंग गेटों को हटाकर बनाए जा रहे तीन सड़क अंडरब्रिज (आरयूबी) का उद्घाटन किया। बांदीहल्ली गेट, डोनरे गेट और बादेनहल्ली गेट पर बने इन आरयूबी से लेवल क्रॉसिंग संख्या 60, 61 और 64 को समाप्त कर दिया गया। मंत्री ने कहा कि अब लोगों को रेलवे गेट पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नए अंडरब्रिज समय की बचत करेंगे, यातायात जाम कम करेंगे और सड़क उपयोगकतार्ओं व ट्रेनों दोनों की सुरक्षा में सुधार करेंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 31 आरओबी और आरयूबी परियोजनाओं में से 27 परियोजनाओं का कार्य अच्छी तरह से चल रहा है और शेष 4 परियोजनाओं पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। सभी परियोजनाओं को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
कर्नाटक में 52,000 करोड़ रुपये की रेल विकास परियोजनाएँ प्रगति पर:मंत्री
मंत्री ने कहा कि कर्नाटक में लगभग 52,000 करोड़ रुपये की रेल विकास परियोजनाएँ प्रगति पर हैं। दिन में उन्होंने एलसी संख्या 88 और 86 (बिदेरुगुडी/होन्नावली और शारदा नगर) में बन रहे रोड ओवर ब्रिज और एलसी संख्या 58 व 59 (नित्तूर-मैसूर और नंदीहल्ली गेट) पर चल रही आरओबी परियोजनाओं का निरीक्षण किया। साथ ही गुब्बी रेलवे स्टेशन पर बन रहे 17.48 करोड़ रुपये लागत वाले लाइट रोड ओवर ब्रिज का निरीक्षण भी किया। बांदीहल्ली गेट का अंडरब्रिज 10.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। बादेनहल्ली और डोनरे गेट पर क्रमश: 6.5 करोड़ और 5.5 करोड़ रुपये में निर्माण कार्य पूरा हुआ है। मंत्री ने कहा कि रेलवे विकास के इस नए चरण में लंबित कार्यों को पूरा कर क्षेत्र में बेहतर रेल और सड़क संपर्क सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने तुमकुरु-बेंगलुरु रेल चौगुनीकरण परियोजना का भी उल्लेख किया, जिससे क्षेत्र में यातायात क्षमता और सेवा में सुधार होगा।इस अवसर पर अतिरिक्त मंडल रेलवे प्रबंधक प्रवीण कराटकी, वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वयक राजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कृष्ण चैतन्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
New Delhi news

