Tragic accident in Azadpur : नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र स्थित आजादपुर सब्जी मंडी इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान दुर्गा के रूप में हुई है। वह अपनी मां के पास सड़क किनारे सो रही थी, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
Tragic accident in Azadpur :
पुलिस के मुताबिक, दुर्गा अपनी मां निर्मला देवी, पिता अशोक मंडल और छह भाई-बहनों के साथ शालीमार बाग स्थित केला गोदाम की झुग्गी में रहती थी। परिवार मूल रूप से बिहार के भागलपुर का रहने वाला है। निर्मला आजादपुर सब्जी मंडी में प्याज बेचकर परिवार का पालन-पोषण करती है, जबकि पिता मजदूरी करते हैं।
महेंद्र पार्क थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, सोमवार करीब 3:30 बजे निर्मला देवी अपनी एक साल की बेटी को सड़क की ओर सुलाकर पास में प्याज बेच रही थीं। इसी दौरान गेट नंबर-1 की तरफ से एक ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और ट्रक का अगला बायां पहिया बच्ची के ऊपर चढ़ गया। शोर सुनकर चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद पास में काम कर रहे पल्लेदार कुलदीप की मदद से परिजन बच्ची को तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उत्तर-पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मंडी क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंडी के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती बरतने की मांग की है।
Tragic accident in Azadpur :

