भगवान के घर में चोरों का तांडव: प्राचीन माता मंदिर से उड़ाई 3 किलो चांदी और सोने की मूर्तियां

भगवान के घर में चोरों का तांडव: उत्तर प्रदेश की “शोविंडो” कहे जाने वाले नोएडा में अब भगवान का घर भी सुरक्षित नहीं रहा। ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने एक प्राचीन माता मंदिर को निशाना बनाया और मंदिर के गेट का ताला तोड़कर तकरीबन 3 किलो चांदी, सोने की मूर्तियां तथा अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।

कैसे दिया घटना को अंजाम

चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। मंदिर में रखी चांदी की वस्तुएं, सोने की मूर्तियां और अन्य धार्मिक सामग्री पर हाथ साफ करने के बाद वे आसानी से फरार हो गए। चोरों की पूरी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। दादरी क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, और इस बार भी पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मंदिर के पुजारी ने घटना की जानकारी मिलते ही दादरी पुलिस को सूचित किया। पुजारी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा किया गया है।

पैटर्न बना रहे हैं मंदिर चोर

यह घटना अकेली नहीं है। जांच में सामने आया है कि दादरी क्षेत्र के मंदिरों को निशाना बनाने वाले चोर पहले रेकी करते हैं, फिर हेलमेट और दस्ताने पहनकर वारदात को अंजाम देते हैं ताकि पहचान न हो सके।  ग्रेटर नोएडा में इससे पहले एक प्राचीन जैन मंदिर से 800 साल पुरानी अष्टधातु प्रतिमा और चांदी के कई सामान की चोरी भी हो चुकी है, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई थी।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। धार्मिक स्थलों पर बढ़ती चोरी की वारदातें पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय निवासियों की मांग है कि मंदिरों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: डेविड वॉर्नर सिडनी में गिरफ्तार: ड्रिंक एंड ड्राइव का मामला, ब्लड अल्कोहल लेवल 0.104; 7 मई को कोर्ट में पेशी

 

यहां से शेयर करें