NHRC के विशेष मॉनिटर ने किया नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण, उन्नत मॉनिटरिंग व्यवस्था की सराहना

नोएडा, 27 फरवरी 2026। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के विशेष मॉनिटर श्री विद्या भूषण कुमार ने आज नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं और व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और सुविधाओं की विशेष मॉनिटर ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

ISTMS में वायु प्रदूषण पर हुई विस्तृत चर्चा

निरीक्षण की शुरुआत सेक्टर-94 स्थित ISTMS (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) से हुई, जहां विशेष मॉनिटर ने वायु प्रदूषण से संबंधित प्रकरणों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि एंटी-स्मॉग गन और स्प्रिंकलर्स में उपयोग किया जाने वाला पानी एसटीपी से उपचारित जल है, जिससे पेयजल का संरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है।

कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की मॉनिटरिंग प्रणाली ने किया प्रभावित

ISTMS के बाद विशेष मॉनिटर ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया और प्राधिकरण द्वारा अपनाई जा रही अत्याधुनिक मॉनिटरिंग प्रणाली को विस्तार से समझा। यह जानकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि पूरे प्रदेश में इस प्रकार की उन्नत मॉनिटरिंग व्यवस्था किसी अन्य शहर में उपलब्ध नहीं है। उन्होंने इसके लिए प्राधिकरण की विशेष सराहना की और ग्रेटर नोएडा में भी इसी तर्ज पर मॉनिटरिंग प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए।

निःशुल्क सार्वजनिक शौचालय और जंगल ट्रायल की तारीफ

विशेष मॉनिटर ने BOT आधारित सार्वजनिक शौचालय का भी अवलोकन किया। निवासियों को बिना किसी शुल्क के उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण की प्रशंसा की गई। इसके बाद नवनिर्मित जंगल ट्रायल का निरीक्षण किया गया, जहां अपशिष्ट सामग्री से बनाई गई पशु आकृतियों की कारीगरी ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया और उन्होंने इस अनूठी पहल की सराहना की।

वेटलैंड पार्क और बायोमेथेनाइजेशन प्लांट का किया निरीक्षण

सेक्टर-54 स्थित वेटलैंड पार्क का निरीक्षण करने के बाद विशेष मॉनिटर सेक्टर-34 स्थित बायोमेथेनाइजेशन प्लांट पहुंचे, जहां उन्होंने जैविक अपशिष्टों के वैज्ञानिक निस्तारण और ऊर्जा उत्पादन की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस अभिनव प्रयास के लिए भी प्राधिकरण को सराहना मिली।

C&D प्लांट में निर्माण अपशिष्ट पुनर्चक्रण प्रक्रिया देखी

निरीक्षण के अंतिम चरण में विशेष मॉनिटर ने सेक्टर-80 स्थित C&D (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) प्लांट का निरीक्षण किया और निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्टों के पुनर्चक्रण की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत की गई समस्त सुविधाओं और अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की उन्होंने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

इस अवसर पर महाप्रबंधक एस.पी. सिंह, ओएसडी इन्दु प्रकाश सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (H&SWM), कपिल सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक आर.के. शर्मा, प्रबंधक (H&SWM) राहुल गुप्ता, यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी, KPMG सलाहकार तथा एनजीओ ‘Guided Fortune समिति’ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: फरीदाबाद: डीसी आयुष सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, नकल करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

यहां से शेयर करें