एलिवेटेड रोड से जुड़ेंगे दर्जनों गांव, यमुना एक्सप्रेसवे तक होगा सीधा रास्ता

नोएडा। नोएडा के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर विधायक पंकज सिंह और नोएडा विलेज रेजिडेंट्स एसोसिएशन (नोवरा) के पदाधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें एलिवेटेड रोड निर्माण का प्रस्ताव सबसे प्रमुख रहा।

नोवरा की ओर से रायपुर (सेक्टर-125/94) से छपरोली (सेक्टर-168) तक पुश्ता रोड पर एलिवेटेड रोड अथवा हाईवे निर्माण की मांग रखी गई। साथ ही इस मार्ग को आगे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव भी सामने आया। यदि यह परियोजना साकार होती है तो दर्जनों गांवों, सैकड़ों सेक्टरों और लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते यातायात दबाव को भी इस योजना से कम किया जा सकेगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि एलिवेटेड रोड बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी, जिसका सीधा फायदा स्थानीय निवासियों को मिलेगा। विधायक पंकज सिंह ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि इस योजना को जल्द से जल्द क्रियान्वित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना नोएडा शहर की नई पहचान बनेगी और विकास को और गति देगी।

बैठक में ग्रामीण एवं किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। इनमें गली नंबरिंग व्यवस्था लागू करना, किसानों के लंबित मामलों का समाधान और आबादी से संबंधित विषय शामिल रहे। नोवरा के अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर ने कहा कि विधायक के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए एक मजबूत रोडमैप तैयार किया गया है। बैठक में उपाध्यक्ष अजय चौहान, महासचिव पुनीत राणा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

यह भी पढ़ें: स्पेशल स्टाफ और एएटीएस ने ब्लाइंड मर्डर केस का भंडाफोड़ कर तीन आरोपी पकड़े

यहां से शेयर करें