मानसिक तनाव से जूझ रही थी बरखा
मूल रूप से जौनपुर जिले के खोजी गांव (थाना केराकत) की रहने वाली बरखा सिंह बचपन से अपनी नानी के पास ग्रेटर नोएडा में रह रही थीं। उनकी मां की मौत बचपन में ही हो गई थी, जबकि पिता अलग रहते हैं। नानी ने ही उन्हें पढ़ाया-लिखाया और पाला-पोसा। परिजनों के अनुसार, बरखा पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और अवसाद में थीं। उनका सपना मेकअप आर्टिस्ट बनने का था, लेकिन पारिवारिक स्थितियां और निजी कारणों से वे इसमें सफल नहीं हो पा रही थीं, जिससे वे निराश रहने लगी थीं।
गुरुवार रात हुई घटना
घटना गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। बरखा अपने फ्लैट की छत पर गईं और वहां से पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। पड़ोसियों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे से बरामद सुसाइड नोट में उन्होंने जीवन से निराशा जताई है।
पुलिस: आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा
एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ईकोटेक-3 थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने भी पुष्टि की कि बरखा बचपन से नानी के पास रह रही थीं और मानसिक रूप से भी परेशान थीं।
फिलहाल मामले में किसी तरह के संदेह या बाहरी दखल के कोई संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना से इलाके में मातम पसरा हुआ है।

