नोएडा में सिंधी अकादमी का सफल आयोजन, नई पीढ़ी को सिंधी संस्कृति और विकसित भारत के विजन से जोड़ा

नोएडा। उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी द्वारा पहली बार नोएडा में आयोजित विशेष कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन सेक्टर-74 स्थित केपटाउन क्लब-1 में किया गया। भारतीय सिंधू सभा, उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “सिंधी सुर-साहित्य में नई पीढ़ी की भूमिका” रहा, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में गौतम बुद्ध नगर के जीएसटी कमिश्नर संदीप भागिया, न्यूज़ 18 के प्रबंध संपादक किशोर अजवानी, एनसीपीएसएल के पूर्व निदेशक प्रोफेसर रवि प्रकाश टेकचंदानी, वरिष्ठ पत्रकार श्रीकांत भाटिया, सिंधी अकादमी उत्तर प्रदेश के निदेशक अभिषेक कुमार अखिल तथा भारतीय सिंधू सभा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार जोतवानी सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।

वक्ताओं ने 10 से 20 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सिंधी समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और मूल्यों से परिचित कराया। साथ ही युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन में योगदान देने और अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों के लिए सिंधियत विषय पर लिखित एवं मौखिक परीक्षा आयोजित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को मानदेय, उपहार और ट्रॉफियां प्रदान की गईं।

अभिषेक कुमार अखिल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में भविष्य में भी समाजहित में ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में 60 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारतीय सिंधू सभा के पदाधिकारियों, महिला मंडल के सदस्यों तथा स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में प्रदेश अध्यक्ष नरेश जोतवानी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

 

यह भी पढ़ें : यूपी चुनाव से पहले नोएडा पुलिस का एक्शन मोड: कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की दोटूक— ‘जनता से बदसलूकी की तो नपेंगे SHO’, लापरवाही पर इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मियों को दी सजा

यहां से शेयर करें