CM Yogi: लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली, महाशिवरात्रि और रमजान सहित आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर कानून-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार सौहार्द और उल्लास के साथ मनाए जाएं, लेकिन किसी भी हाल में अराजक तत्वों को माहौल बिगाड़ने की छूट नहीं दी जाएगी।
CM Yogi:
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से ब्रज क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि होलिकोत्सव पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हो, पर शोभायात्राओं में उपद्रवियों की घुसपैठ रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। रंग में भंग डालने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि होलिका दहन केवल परंपरागत स्थलों पर ही हो, सड़क के बीच नहीं।
CM Yogi:
सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी
सीएम ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि अफवाह फैलाने या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। महाशिवरात्रि, होली, रमजान, बोर्ड परीक्षाओं, जनगणना और कांवड़ यात्रा के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
वाराणसी, मेरठ, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी के जिलाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने प्रमुख मंदिरों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट रहेंगी तथा पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि धर्मस्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज परिसर से बाहर न जाए। विवाह समारोहों में रात 10 बजे के बाद डीजे और तेज ध्वनि उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। धर्मस्थलों के आसपास भिक्षावृत्ति रोकने और जरूरतमंदों के पुनर्वास की योजना बनाने के भी निर्देश दिए गए।
अवैध गतिविधियों पर रोक
सीएम ने 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यक्षमता सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध शराब की बिक्री और सड़कों पर स्टंटबाजी पर सख्ती से रोक लगाने को कहा।
नकलविहीन हों बोर्ड परीक्षाएं
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी हों। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। रमजान, ईद, वासंतिक नवरात्र और राम नवमी के मद्देनजर भी समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जल्द शुरू होने वाली जनगणना को लेकर सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
CM Yogi:

