स्पेशल सेल ने कुख्यात शार्प शूटर करमवीर उर्फ काजू दबोचा

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात शार्प शूटर करमवीर उर्फ काजू को कई राज्यों में पीछा करने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रोहित गोदाराझ्रजितेंद्र गोगी गैंग का सक्रिय सदस्य है और गुरुग्राम के दो क्लबों पर ग्रेनेड हमले के मामले में भी वांछित चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि करमवीर उर्फ काजू पर हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, डकैती, अवैध घुसपैठ और धमकी जैसे गंभीर अपराधों सहित 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को 11 मार्च को राजस्थान के कोटपूतली में राष्ट्रीय राजमार्ग-8 स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक फर्जी पासपोर्ट और एक कार दो फर्जी आधार कार्ड और एक नकली मतदाता पहचान पत्र बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फर्जी डॉक्युमेंट का उपयोग वह होटल में ठहरने और मोबाइल सिम लेने में करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी को वर्ष 2024 में एक हत्या के मामले में अदालत से तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन वह समय पूरा होने के बाद वापस नहीं लौटा और फरार हो गया। बाद में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।
स्पेशल सेल की टीम ने आरोपी की तलाश में रोहतक, गुरुग्राम, जयपुर और हरिद्वार सहित कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। अंतत: खुफिया सूचना के आधार पर कोटपूतली में उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ में पता चला है कि आरोपी नेपाल में लगभग एक वर्ष तक छिपा रहा और विदेश में बैठे गैंग सरगना रोहित गोदारा के संपर्क में था। वर्ष 2024 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गुरुग्राम के दो क्लबों पर ग्रेनेड हमला कराने की साजिश रची थी, जिसका उद्देश्य व्यापारियों से रंगदारी वसूलना था। भारत लौटने के बाद आरोपी असम, गोवा, मुंबई और अन्य स्थानों पर छिपता रहा। हाल ही में वह हरियाणा के कैथल जिले में रह रहा था और फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की योजना बना रहा था।
पुलिस का कहना है कि समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी से बड़े आपराधिक घटनाक्रम को टाल दिया गया है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें