स्पेशल सेल ने फायरिंग में एक साल से फरार बदमाश पंजाब से पकड़ा

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) ने शुक्रवार को रंगदारी और फायरिंग मामले में फरार वांछित एक बदमाश पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था और उस पर गैंगस्टर के इशारे पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
ईआर, स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त नर्रा चैतन्य ने बताया कि मार्च 2025 में जगतपुरी इलाके के एक व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल कर 4 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। कॉल करने वाले ने खुद को पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर गुरजंत सिंह उर्फ जनता बताया था। पीड़ित ने रकम देने से इनकार किया, तो 1/2 अप्रैल 2025 की रात उसके घर पर फायरिंग की गई। पीड़ित ने थाना जगतपुरी में अलग-अलग धाराओं में दो मामले दर्ज कराए थे।
पुलिस की जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से आरोपी की पहचान जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी निवासी अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई। वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और अदालत ने उसे वांछित घोषित किया था।
स्पेशल सेल की टीम ने महीनों की मेहनत के बाद शुक्रवार को पंजाब के खरड़ स्थित स्वराज नगर इलाके में छापेमारी कर आरोपी को उसके ठिकाने से पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बस से अंबाला से दिल्ली आया, कश्मीरी गेट से आॅटो लेकर कृष्णा नगर पहुंचा और वहां से एक मोटरसाइकिल चोरी की। इसके बाद पीड़ित के घर जाकर दो राउंड फायरिंग की और फरार हो गया।
गलत संगत पड़कर अपराध की दुनिया में रखा था कदम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 10वीं तक पढ़ा है और बाद में गलत संगत में पड़कर अपराध की दुनिया में आ गया। वह गैंग के सदस्य गौरव के संपर्क में आया, जिसने उसे वारदात को अंजाम देने का जिम्मा दिया और हथियार उपलब्ध कराया।

New Delhi news

यहां से शेयर करें