ग्रेटर नोएडा। गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र स्थित नवादा गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने ग्रामीण सुमित नागर के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
जनता का अधिकार है सवाल पूछना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शालिनी सिंह ने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों से सवाल करना हर आम नागरिक का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जनता को अपने क्षेत्र के विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं को लेकर अपने प्रतिनिधियों से जवाब मांगने का पूरा हक है। शालिनी सिंह ने आगे कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका उचित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही विकास कार्यों को धरातल पर उतारना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों से की सहभागिता की अपील
उन्होंने मौजूद ग्रामीणों से अपील की कि वे क्षेत्र के विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी समस्याओं को सही मंच पर उठाएं। शालिनी सिंह ने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद ही स्थानीय समस्याओं के बेहतर और स्थायी समाधान का रास्ता है।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने शालिनी सिंह का स्वागत करते हुए क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा भी की। इस अवसर पर राजे प्रधान, धीरज प्रमुख, त्रिलोक नागर, श्यामलाल और लज्जेराम समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

