समस्तीपुर। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट कूपे से करीब डेढ़ लाख रुपए की विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार की गई नेहा झा के मामले की जांच अब रेलवे की विशेष जांच टीम (SIT) करेगी। मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह फैसला लिया है। पुलिस को अब तक मिली जानकारी में नेहा के परिवार के कई सदस्यों का नाम शराब कारोबार से जुड़ा सामने आया है। इसे देखते हुए पुलिस अब केवल बरामद शराब तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की तैयारी में है।
नए रेल डीएसपी करेंगे नेतृत्व
इस पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी समस्तीपुर के नवनियुक्त रेल डीएसपी को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में बनाई गई SIT में समस्तीपुर रेल थानाध्यक्ष को भी शामिल किया गया है। टीम नेहा के शराब कारोबार से जुड़े संपर्कों, सप्लाई चेन और इस पूरे धंधे में उसकी भूमिका की गहराई से पड़ताल करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
AC फर्स्ट कूपे से हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि शुक्रवार रात नई दिल्ली से दरभंगा जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट कूपे में नेहा झा को विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया था। आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे सीआईडी की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें उसके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की शराब बरामद हुई। नेहा के साथ उसकी बड़ी बहन के देवर और बीटेक इंजीनियर ईशान कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था। समस्तीपुर जीआरपी ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि SIT की जांच में इस कथित शराब तस्करी नेटवर्क की और परतें खुलेंगी।
यह भी पढ़ें: मुंबई-बेंगलुरु को भूल जाइए, सूरत बन रहा है भारत का नया खर्च हब

