उत्तर प्रदेश के नोएडा में पड़ोसियों के बीच विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिसकर्मियों तक को हैरान कर दिया है। सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमॉस सोसायटी में रहने वाली एक महिला अपने पड़ोसी से परेशान होकर मरा हुआ चूहा लेकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गई। महिला का आरोप है कि उसका पड़ोसी उसे परेशान करने के लिए बार-बार मरे हुए चूहे उसके घर के बाहर फेंकता है ।
मामले की वारदात
नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-134 की जेपी कॉसमॉस सोसायटी में रहने वाली तमन्ना नाम की महिला का अपने पड़ोसी से विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि पड़ोसी पिछले कई दिनों से उसे परेशान करने के लिए उसके फ्लैट के बाहर मरे हुए चूहे फेंक रहा है । शुरुआत में उसने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब यह लगातार होने लगा तो उसने पुलिस तक पहुंचने का फैसला कर लिया।शनिवार को महिला मरे हुए चूहे को टिश्यू और पॉलीथीन में पैक कर सेक्टर-129 पुलिस चौकी पहुंच गई। वहां उसने पुलिसकर्मियों के सामने चूहे को दिखाते हुए कहा कि यह उसके पड़ोसी की हरकत का सबूत है । इस अनोखी शिकायत को देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए समझ नहीं पाए कि पहले शिकायत दर्ज करें या मरे हुए चूहे का निपटारा करें ।
महिला का आरोप: मानसिक प्रताड़ना
महिला ने पड़ोसी पर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया। उसने कहा कि वह जानवरों से लगाव रखती है और किसी जानवर को मारकर इस तरह फेंकना बेहद गलत और परेशान करने वाला है । थाने पहुंचते ही उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने उस मरे हुए चूहे को रखते हुए कहा, “यही है मेरे पड़ोसी की करतूत का असली सबूत” ।
आरोपी पड़ोसी ने इनकार किया
महिला ने जिस पड़ोसी पर आरोप लगाया, उसने इन आरोपों को पूरी तरह नकार दिया। फिलहाल मामला औपचारिक शिकायत तक नहीं पहुंचा है। चौकी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने बताया कि महिला अपने पड़ोसी से विवाद के बाद मरा हुआ चूहा लेकर आई थी और उसने मौखिक शिकायत की थी ।
सोसाइटी में छिड़ी ‘रैट वॉर’ की चर्चा
इस घटना की चर्चा बाद में पूरी सोसायटी और सोशल मीडिया ग्रुप्स में होती रही। इस अनोखे मामले को लेकर सोसाइटी के ग्रुप्स पर ‘रैट वॉर’ की चर्चा छिड़ गई है । पुलिस विवरण के अनुसार, इस घटना की विस्तृत जानकारी नहीं है और न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक लिखित शिकायत मिली है। पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है कि क्या सच में पड़ोसी द्वारा जानबूझकर चूहे फेंके गए हैं या यह कोई गलतफहमी है ।

