Rajpal Yadav denied bail: दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई सोमवार तक टाली; तिहाड़ में कटेंगी चार और रातें

Rajpal Yadav denied bail: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को उनकी जमानत याचिका पर फैसला टाल दिया। जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच ने सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी। इससे राजपाल को फिलहाल राहत नहीं मिली और उन्हें तिहाड़ जेल में चार और रातें बितानी होंगी। कोर्ट ने अभिनेता को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि वे बार-बार वादे करके उन्हें पूरा नहीं करते, जिससे अदालत का भरोसा टूटा है।

कोर्ट की सख्त टिप्पणी
सुबह की सुनवाई में जज ने कहा, “आपने अपना वादा पूरा नहीं किया, इसलिए जेल गए। कम से कम दो दर्जन मौकों पर यही वादे किए गए।” दोपहर 2:30 बजे फिर सुनवाई हुई तो अभिनेता के वकील ने अनुरोध किया कि वे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने कहा, “सोमवार तक कुछ न कुछ लेकर आएंगे।” कोर्ट ने शिकायतकर्ता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा और मामले को सोमवार के लिए टाल दिया।

मामला क्या है?
यह विवाद 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स कंपनी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म फ्लॉप होने से कर्ज चुकता नहीं हुआ और ब्याज सहित रकम करीब 9 करोड़ हो गई और चेक बाउंस होने पर केस चल गया। कई बार मौके मिलने के बावजूद पूरा भुगतान नहीं हुआ। जनवरी 2026 में कोर्ट ने अंतिम मौका दिया, लेकिन निर्देश का पालन न होने पर 5 फरवरी को राजपाल ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया।

बॉलीवुड का साथ
अभिनेता की मुश्किलों में बॉलीवुड ने साथ दिया है। सलमान खान, अजय देवगन, सोनू सूद, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और मीका सिंह जैसे सितारों ने मदद का हाथ बढ़ाया। मीका ने 11 लाख रुपये की मदद की पेशकश की। परिवार उम्मीद कर रहा है कि सोमवार को राहत मिलेगी। सोमवार की सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। राजपाल के फैंस और इंडस्ट्री उन्हें जल्द रिहाई की दुआ कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: FNG Expressway gains momentum: छिजारसी में 650 मीटर एलिवेटेड रोड की फाइल दोबारा खुली, शॉर्ट-लॉन्ग टर्म सर्वे के लिए एजेंसी चयन जल्द

यहां से शेयर करें