Purvanchal Royal City Society: छिनैती के आरोपी को पकड़ने पहुंची अलीगढ़ पुलिस, भागते ही सोसाइटी के गार्डों ने दबोचा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Purvanchal Royal City Society: ग्रेटर नोएडा। राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा की पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अलीगढ़ पुलिस से बचने के लिए भाग रहा एक वांछित आरोपी सोसाइटी परिसर में घुस गया। हालांकि, सोसाइटी के सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक आरोपी पर अलीगढ़ के गोंडा थाना क्षेत्र में मारपीट और छिनैती का मामला दर्ज है और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहा था। अलीगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी ग्रेटर नोएडा में रहकर डिलीवरी बॉय का काम कर रहा है। इसी लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम मंगलवार शाम उसे पकड़ने के लिए पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी पहुंची, जहां वह किसी ग्राहक को सामान डिलीवर करने आया हुआ था। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागना शुरू कर दिया और सोसाइटी परिसर में घुसकर छिपने की कोशिश करने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा करते हुए शोर मचाया, जिसे सुनकर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए।

गार्डों की तत्परता से दोबारा गिरफ्त में आया आरोपी

वीडियो में देखा जा सकता है कि तेजी से भागता आरोपी सोसाइटी में घुसते ही एक सुरक्षाकर्मी को नजर आ जाता है, जो उसका पीछा करते हुए दौड़ लगा देता है। इसके बाद कई सुरक्षाकर्मी मिलकर घेराबंदी करते हैं और आरोपी को पकड़ लेते हैं। पकड़े जाने के बाद उसे तुरंत अलीगढ़ पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया, जो उसे अपने साथ लेकर रवाना हो गई। यह पूरी घटना सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के दौरान कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन गार्डों की मुस्तैदी से मामला जल्द ही काबू में आ गया।

सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ

आरोपी के भागने और सुरक्षाकर्मियों के उसे पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। यूजर्स गार्डों की सूझबूझ और सतर्कता की जमकर सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की छिनैती और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए आम जनता और सोसाइटी सुरक्षाकर्मियों को इसी तरह आगे आना होगा। सोसाइटी प्रबंधन ने भी सुरक्षाकर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की बात कही है।

यह भी पढ़ें: Coal scam case: सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व PM मनमोहन सिंह को दी क्लीन चिट, CBI की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार

यहां से शेयर करें