प्रीपेड स्मार्ट मीटर बना मुसीबत, आरडब्ल्यूए ने यूपीपीसीएल से मांगा समाधान

नोएडा। शहर में बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर बुधवार को आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने यूपीपीसीएल के मुख्य अभियंता संजय जैन के साथ उनके कार्यालय में एक अहम बैठक की। इस बैठक में अधीक्षण अभियंता उमेश यादव (कमर्शियल) और विवेक कुमार (टेक्निकल) सहित सभी एक्जीक्यूटिव इंजीनियर भी मौजूद रहे।

भुगतान के बाद भी कट रही बिजली, उपभोक्ता परेशान

बैठक में फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी शिकायत यह है कि कई मामलों में समय पर भुगतान करने के बावजूद बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे घरों और प्रतिष्ठानों में अंधेरा छा जाता है।

रोज नई समस्याएं, महासचिव ने की मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने की मांग

आरडब्ल्यूए के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि नई प्रणाली लागू होने के बाद से हर रोज नई-नई समस्याएं सामने आ रही हैं और उपभोक्ता इससे तंग आ चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट मांग रखी कि जब तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाती, तब तक नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए और किसी भी उपभोक्ता की बिजली न काटी जाए।

सेक्टर-18 में एकमात्र कार्यालय से बढ़ रही भीड़, नए केंद्र खोलने की मांग

बैठक में यह भी उठाया गया कि सेक्टर-18 में बिल संबंधी शिकायतों के निवारण के लिए केवल एक ही कार्यालय है, जिसके कारण वहां अत्यधिक भीड़ जमा हो जाती है और उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है। प्रतिनिधियों ने मांग की कि अन्य प्रमुख सेक्टरों में भी शिकायत निवारण केंद्र खोले जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।

सर्वर ओवरलोड बनी तकनीकी खामी की वजह, सुधार का दिया आश्वासन

मुख्य अभियंता संजय जैन ने स्वीकार किया कि नए सिस्टम के लागू होने से सर्वर पर अत्यधिक लोड पड़ा, जिसके चलते तकनीकी खामियां उत्पन्न हुईं और उपभोक्ता समय पर भुगतान नहीं कर सके, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि सिस्टम में लगातार सुधार किया जा रहा है और आने वाले दिनों में इस तरह की समस्याएं दोबारा नहीं होंगी। बैठक में योगेंद्र शर्मा, के.के. जैन, पवन यादव, विजय कुमार भाटी, अशोक कुमार मिश्रा, देवेंद्र सिंह चौहान, विनोद शर्मा, ओमवीर बंसल, कोशिंदर यादव, अनीता, सत्यनारायण गोयल, वीरेंद्र सिंह नगरकोटी और राघवेंद्र दुबे सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यहां से शेयर करें