पुलिस ने किया गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार

गुजरात से दिल्ली आकर बसों में करते थे चोरी
New Delhi news  मध्य जिला के देशबंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस ने गुजरात से दिल्ली आकर बसों में चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में दो महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान दओदिया दीपु भाई, अभिषेक , अरुणा बेन और श्वेता के अलावा मंगोलपुरी के ज्वेलर दयाल पोद्दार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात के अलावा लाखों रुपये का पिघला हुआ सोना और 86 हजार रुपये कैश बरामद किया है।
दओदिया इस पूरे रैकेट का मुख्य आरोपित है। यह लोग भीड़-भाड़ वाली बसों में चढ़कर पहले अपना शिकार ढूंढते थे। बाद में उसके पास घेरा बनाकर पीड़िता का ध्यान भटकाया जाता था। इस बीच गिरोह की महिलाएं किसी तेज धारदार वस्तु से बैग काटकर कीमती सामान या कैश चोरी कर लेते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने मंगलवार को बताया कि 5 फरवरी को विकास कुमार नाम ज्वेलर ने कर्तव्य पथ थाने में सोने और चांदी के जेवरात चोरी होने की आॅन लाइन शिकायत दी थी। उसने बताया कि झंडेवालान के पास डीटीसी बस में यात्रा के दौरान किसी ने उसके बैग को काटकर चोरी की। उसके बैग में लाखों रुपये के जेवरात मौजूद थे। छानबीन के बाद 9 फरवरी को केस डीबीजी रोड थाने को ट्रांसफर कर दिया गया। लोकल पुलिस ने मामले की जांच की। सीसीटीवी कैमरे में कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान हुई। बाद में पता चला कि वारदात करे दो महिलाओं समेत चार लोगों ने अंजाम दिया।
मोबाइल नंबर और सीडीआर से मिली सफलता
इस बीच 13 फरवरी को टीम को एक महिला का फोटो और उसका मोबाइल नंबर मिला। उसकी सीडीआर लोकेशन की पड़ताल हुई। जांच में उनकी लोकेशन मंगोलपुरी की मिली। बाद में एक-एक कर टीम ने सभी चारों को मंगोलपुरी से दबोच लिया। आरोपितों ने दो कंगन मंगोलपुरी के ज्वेलर दयाल पोद्दार को बेच दिए थे। उसे भी दबोच लिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि कुछ समय के लिए वह दिल्ली में आते थे। किराए पर कमरा लेकर कई वारदातों को अंजाम देकर यह लोग वापस लौट जाते थे। देशबंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। इनके गैंग के बाकी सदस्यों का पता किया जा रहा है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें