New Delhi news शाहदरा साइबर पुलिस स्टेशन ने फर्जी कस्टमर केयर के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को झांसी (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ई-कार्ट कस्टमर सपोर्ट के नाम पर एक व्यक्ति से 1.25 लाख की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पीड़ित अरविंद ने 2 अक्टूबर 2025 को ई-कार्ट प्लेटफॉर्म से एक इलेक्ट्रॉनिक शेवर खरीदा था। उत्पाद खराब मिलने पर वह उसे लौटाना चाहता था। 4 अक्टूबर को इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर खोजते समय उसे एक फर्जी मोबाइल नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर आरोपी ने खुद को कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताया और रिफंड का भरोसा दिलाया।
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए पीड़ित से मोबाइल स्क्रीन शेयर करवाकर एक्सेस परमिशन ले ली। कुछ ही मिनटों में पीड़ित के खाते से 85,000 और दूसरे खाते से 40,000 निकाल लिए गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम पंकज यादव निवासी झांसी के खाते में ट्रांसफर हुई थी। वहीं 40,000 की रकम सत्यम यादव (19) के खाते में भेजी गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को झांसी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पंकज यादव ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता कमीशन के बदले अपने साथी वंश को दिया था। उसने 85,000 निकालकर करीब 55,000 वंश को दे दिए और ?40,000 सत्यम को ट्रांसफर किए। वहीं सत्यम ने 20,000 निकालकर बाकी रकम सह-आरोपी कमल को भेज दी।
आरोपियों ने खुलासा किया कि इस गिरोह में वंश, कमल, गौरव और अन्य सदस्य शामिल हैं। कॉल झारखंड से की जाती थीं, जबकि बैंक खाते झांसी और आसपास के इलाकों से जुटाए जाते थे।
New Delhi news

