PhonePe ने AI-संचालित नेचुरल लैंग्वेज सर्च फीचर किया लॉन्च

PhonePe :

PhonePe : नई दिल्ली। डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म PhonePe ने शनिवार को Microsoft फाउंड्री आधारित एक नया एआई-संचालित नेचुरल लैंग्वेज सर्च फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स साधारण आवाज या टेक्स्ट कमांड के जरिए ऐप में नेविगेट कर सकेंगे, भुगतान कर सकेंगे और अपने ट्रांजैक्शन आसानी से ट्रैक कर पाएंगे।

PhonePe :

कंपनी के अनुसार, यह फीचर डिजिटल भुगतान को अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। पारंपरिक मेन्यू-आधारित नेविगेशन की जगह अब इंटेंट-आधारित रूटिंग मिलेगी, जिससे यूजर बातचीत की तरह अपने काम पूरे कर सकेंगे। उदाहरण के तौर पर “हेमंत को 20 रुपये भेजो” कहने पर सीधे भुगतान स्क्रीन खुलेगी और संबंधित रिसीवर स्वतः चयनित रहेगा।

केवल आवाज से होंगे कई काम

नए टूल के जरिए “फास्टैग रिचार्ज” या “सोने का भाव” टाइप करने पर यूजर सीधे संबंधित सेवा या जानकारी पेज पर पहुंच जाएगा। यह फीचर केवल सर्च तक सीमित नहीं है, बल्कि यूजर के इरादे को समझकर भुगतान, खरीदारी और सहायता से जुड़े कार्यों को भी पूरा करता है।

यह ऑन-डिवाइस और क्लाउड-आधारित हाइब्रिड मॉडल पर काम करता है, जिससे यूजर का निजी या ट्रांजैक्शन डेटा सुरक्षित वातावरण से बाहर नहीं जाता।

एआई से बदलेगा पेमेंट अनुभव

फोनपे के सह-संस्थापक और सीटीओ राहुल चारी ने कहा कि यह लॉन्च पेमेंट ऐप्स को केवल लेन-देन तक सीमित रखने की सोच से आगे बढ़ने की दिशा में बड़ा कदम है। एआई की मदद से ऐसा इंटरफेस विकसित किया जा रहा है, जो यूजर की जरूरतों को पहले से समझ सके।

वहीं माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया के अध्यक्ष पुनीत चंडोक ने कहा कि भारत में नेचुरल लैंग्वेज इंटरफेस तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं और यह साझेदारी डिजिटल भुगतान को और सहज बनाएगी।

चरणबद्ध तरीके से होगा लागू

यह फीचर पूरे भारत में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और ऐप के ग्लोबल सर्च बार, हेल्प सेंटर तथा हिस्ट्री टैब के माध्यम से उपलब्ध रहेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2016 में स्थापित फोनपे के पास सितंबर 2025 तक 65 करोड़ से अधिक पंजीकृत यूजर्स और 4.7 करोड़ से ज्यादा मर्चेंट आउटलेट्स का नेटवर्क है।

PhonePe :

यहां से शेयर करें