डरा पाकिस्तान! इस्राइल को ‘अभिशाप’ बताना पड़ा भारी, विवाद बढ़ा तो ख्वाजा आसिफ ने डिलीट किया पोस्ट

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ एक बार फिर अपने विवादित बयान की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घिर गए हैं। इस्राइल के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई उनकी तीखी टिप्पणी ने कूटनीतिक तनाव को जन्म दे दिया, जिसके बाद उन्होंने अपना पोस्ट एक्स से हटा लिया। हालांकि विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा।

क्या था पूरा मामला?

ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर इस्राइल को मानवता के लिए अभिशाप बताया था और लेबनान में हो रही हिंसा को नरसंहार करार दिया था। उन्होंने कहा था कि निर्दोष लोगों की जानें जा रही हैं और इस्राइल के लिए कथित तौर पर ‘नरक में जलना’ जैसी कड़ी भाषा का भी इस्तेमाल किया था। इस बयान के वायरल होते ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं।

नेतन्याहू कार्यालय ने जताई कड़ी आपत्ति

इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए ख्वाजा आसिफ के बयान को बेहद आपत्तिजनक और पूरी तरह अस्वीकार्य करार दिया। इस्राइल ने कहा कि किसी भी जिम्मेदार सरकार की ओर से इस तरह के बयान को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, खासकर तब जब वह देश खुद को शांति का पक्षधर बताता हो। इस्राइल ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए इसे कूटनीतिक उकसावे की श्रेणी में रखा।

पोस्ट डिलीट, लेकिन सफाई नहीं

मामले के तूल पकड़ने के बाद ख्वाजा आसिफ ने अपना विवादित पोस्ट एक्स से हटा लिया। लेकिन न तो उनकी ओर से और न ही पाकिस्तान सरकार के किसी प्रवक्ता की ओर से इस पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आया, जिससे राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में अटकलों का दौर जारी है। यह मामला अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर दोनों देशों के बीच बढ़ती बयानबाजी और कूटनीतिक तनाव की एक और कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: एलिवेटेड रोड से जुड़ेंगे दर्जनों गांव, यमुना एक्सप्रेसवे तक होगा सीधा रास्ता

यहां से शेयर करें