North India’s first semiconductor unit: 21 फरवरी को मोदी-योगी के द्वारा रखी जायेगी आधारशिला, 3706 करोड़ का निवेश

North India’s first semiconductor unit: उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का शिलान्यास 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के यमुना सिटी सेक्टर-28 में होगा। एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन की संयुक्त कंपनी इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड इस प्रोजेक्ट पर 3706 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहकर शिलान्यास करेंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने कंपनी को 48 एकड़ जमीन आवंटित की है। यह प्लांट डिस्प्ले ड्राइवर आईसी चिप्स बनाएगा, जो मोबाइल फोन, लैपटॉप, ऑटोमोबाइल और अन्य डिस्प्ले डिवाइस में इस्तेमाल होती हैं। प्लांट की मासिक क्षमता 20,000 वेफर्स होगी, जिससे हर महीने 36 मिलियन चिप्स का उत्पादन होगा। इससे करीब 3,780 प्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे।

यूनिट को रोजाना 19,000 KVA बिजली और 2,000 MLD पानी की जरूरत पड़ेगी। यह भारत सेमीकंडक्टर मिशन के तहत स्वीकृत छह यूनिटों में से एक है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास होने से यह इलाका इलेक्ट्रॉनिक्स और चिप मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा हब बनेगा।

ताजा अपडेट के अनुसार, यीडा, पुलिस और प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश को सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिलान्यास से क्षेत्र में निवेश और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

यहां से शेयर करें