नोएडा में मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग करने वाला बदमाश गिरफ्तार

नोएडा। सेक्टर-63 इलाके में बुधवार रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। गढ़ी गोल चक्कर के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान शुभम उर्फ शिवम उर्फ शुभम राजपूत (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेकिंग के दौरान हुई घटना

एडीसीपी स्वतंत्र सिंह के अनुसार, 14 अक्टूबर को सेक्टर-63 थाना पुलिस गढ़ी गोल चक्कर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक सवार एक युवक को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि उसने रुकने के बजाय यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, इस दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। बाइक गिरने के बाद भी आरोपी भागने की कोशिश करता रहा और इसी बीच उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पहले से दर्ज हैं 16 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, शुभम नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र स्थित आश्रम गेट का रहने वाला है। उसके खिलाफ नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 16 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी के माता-पिता इंडिया गेट से गिरफ्तार

यहां से शेयर करें