Noida PG murder case: शराब के नशे में विवाद के बाद 19 वर्षीय असम की युवती की हत्या, आरोपी फरार

Noida PG murder case: नोएडा। सेक्टर-49 बरौला स्थित एक पीजी में असम की रहने वाली 19 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान महक अहमद के रूप में हुई है, जो मूलरूप से असम के डिब्रूगढ़ जिले की रहने वाली थी। आरोपी ने उस पर धारदार हथियार से कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी महक

पुलिस के मुताबिक, महक 12वीं पास थी और करीब तीन सप्ताह पहले ही अपने माता-पिता को बताए बिना नोएडा आ गई थी। वह नौकरी की तलाश में अपनी पुरानी सहेली संजना के साथ यहां रह रही थी। संजना भी असम की ही रहने वाली है और उसकी उम्र 18 वर्ष है। वह अभी 12वीं की पढ़ाई पूरी नहीं कर सकी है। दोनों सहेलियां बरौला गांव स्थित एक तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर पीजी में रहती थीं।

वारदात के बाद कमरा बंद कर फरार हुआ आरोपी

इसी मंजिल पर बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला रमन नाम का युवक भी रहता था। वारदात के तुरंत बाद रमन अपना कमरा बंद कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, रमन बीटेक की पढ़ाई कर चुका है और पहले किसी आईटी कंपनी में नौकरी करता था, हालांकि मकान में रहने वाले कुछ अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि वह बीते कुछ दिनों से बेरोजगार था। पुलिस अब उसके रोजगार और हाल की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

शराब पीने को लेकर हुई कहासुनी बनी वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 8 अगस्त की रात महक और संजना अपने कमरे के बाहर लॉबी में टहल रही थीं। इसी दौरान रमन अपने कमरे के बाहर बैठकर शराब पी रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि, विवाद की असल वजह और उसके बाद की घटनाओं का पूरा ब्योरा अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इसी विवाद को हत्या से जोड़कर मामले की जांच कर रही है।पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आरोपी रमन की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: West Bengal: कोलाघाट में शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, छात्र मुद्दे पर सियासी घमासान

यहां से शेयर करें