नोएडा। गुर्जर समाज के गौरव स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला के विचारों और सामाजिक मिशन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नोएडा में चौधरी बेगराज गुर्जर के आवास पर समाज के प्रबुद्धजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व डायरेक्टर जनरल, इनकम टैक्स विभाग (भारत सरकार) एवं IRS (Retd.) अधिकारी सुनीता बैसला ने विशेष रूप से भाग लिया। वह स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला की सुपुत्री हैं। बैठक में समाज को संगठित करने, शिक्षा के प्रसार, आरक्षण से जुड़े मुद्दों और सामाजिक उत्थान पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा और संगठन है तथा युवाओं को नई दिशा देने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
सुयोग संस्था के कार्यों की सराहना
बैठक में स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला द्वारा स्थापित “सुयोग संस्था” के कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि संस्था ने राजस्थान में विद्यार्थियों के लिए 1,000 से अधिक लाइब्रेरी स्थापित की हैं। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे हजारों युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी में मदद मिल रही है।
‘हिम्मत, मेहनत और नियत’ पुस्तक की भेंट
कार्यक्रम के अंत में सुनीता बैसला ने स्वर्गीय कर्नल साहब के जीवन, संघर्ष और विचारों पर आधारित पुस्तक “हिम्मत, मेहनत और नियत” सभी उपस्थित लोगों को भेंट की। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक का उद्देश्य नई पीढ़ी को कर्नल साहब के संघर्ष, सामाजिक सोच और प्रेरणादायी जीवन से जोड़ना है।
शिक्षा के बाद स्वास्थ्य और रोजगार पर रहेगा फोकस
सुनीता बैसला ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला का सपना था कि गुर्जर समाज शिक्षित, स्वस्थ और स्वावलंबी बने। उन्होंने बताया कि सुयोग संस्था इसी लक्ष्य को लेकर लगातार कार्य कर रही है। अब संस्था का अगला फोकस स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर रहेगा। उन्होंने समाज के लोगों से गांव-गांव तक इस मिशन को पहुंचाने में सहयोग की अपील की।
कर्नल साहब के मंत्र को आगे बढ़ाने का आह्वान
चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला ने समाज को “हिम्मत, मेहनत और नियत” का जो मंत्र दिया था, वही आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि 1,000 से अधिक लाइब्रेरी और निःशुल्क पुस्तक वितरण अभियान इस सोच का जीवंत उदाहरण हैं। अब गरीब परिवारों को रोजगार से जोड़ने के संकल्प को सफल बनाने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। यही कर्नल साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
ये रहे मौजूद
बैठक में डॉ. महेंद्र सिंह नागर, चौधरी बेगराज गुर्जर, जगबीर सिंह भाटी, अजीत सिंह दौला, समय सिंह कसाना, एडवोकेट धर्मवीर सिंह चौहान, विकास चौधरी सहित गुर्जर समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने समाज के विकास, शिक्षा के विस्तार और सामाजिक एकजुटता के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें: कौन हैं IAS परीक्षित खटाना? गौतमबुद्ध नगर के नए GST अपर आयुक्त की पूरी कहानी

