Noida News: डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन की मांगः किसानों का प्रदर्शन

Noida News: नोएडा के डूब क्षेत्र में भू-माफिया चले गए लेकिन यहां रहने वाले लोग परेशान है। सैकड़ों परिवारों ने बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर सेक्टर-16 स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय पर हाथों में झंडे और तख्तियां, नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सालों से बिना बिजली के रह रहे इन परिवारों का कहना है कि प्रशासन केवल वादा करता है, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं हुआ।
भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने बताया कि करीब ढाई लाख से ज्यादा लोग इस डूब क्षेत्र में मकान बनाकर रह रहे हैं, लेकिन बिजली विभाग इन्हें स्थाई कनेक्शन नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद भी बिजली विभाग के लोग आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर सोमवार को नोएडा के सेक्टर-16 स्थित बिजली निगम के कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता हुई। उन्होंने जल्द ही समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया है।

सुखबीर खलीफा ने कहा
सुखबीर खलीफा ने कहा कि अगर आम जनता की समस्याएं दूर नहीं हुई तो भारतीय किसान परिषद इस मामले को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेगा। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं प्रदर्शन में शामिल डूब क्षेत्र के निवासियों ने कहा कि यह लड़ाई हक की है। सालों से हम लोग अंधेरे में रह रहे हैं, बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे। प्रशासन सिर्फ आश्वासन देता आया है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया है। जब तक बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू नहीं होती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा। डूब क्षेत्र के लोगों को भी सम्मान से जीने का अधिकार है।

 

यह भी पढ़ें: Farmers are angry over the India-US interim trade agreement: DDGS और लाल ज्वार के आयात से घरेलू फसलों को खतरा, 12 फरवरी को देशव्यापी प्रदर्शन की चेतावनी

यहां से शेयर करें