Noida News: डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन ने डीसीपी ट्रैफिक के समक्ष रखीं समस्याएं, कानून और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग

Noida News: डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष एन.पी. सिंह की अध्यक्षता में जिला गौतमबुद्धनगर की यातायात समस्याओं के समाधान को लेकर सेक्टर-14ए स्थित डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय में डीसीपी ट्रैफिक मनीष सिंह से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले में व्याप्त ट्रैफिक संबंधी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया और समाधान के सुझाव भी प्रस्तुत किए।  फेडरेशन अध्यक्ष एन.पी. सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस प्रणाली को मजबूत करने और जिले की ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से आरडब्ल्यूए सदस्यों एवं विभिन्न संगठनों से प्राप्त प्रमुख समस्याओं और सुझावों को पत्र के माध्यम से डीसीपी ट्रैफिक के समक्ष रखा गया तथा यातायात से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
संगठन के मीडिया प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि बैठक में बॉटल नेक के कारण होने वाली यातायात अव्यवस्था, सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के आसपास ट्रैफिक जाम, आॅटो चालकों द्वारा रॉन्ग साइड ड्राइविंग, जिले में बढ़ते ट्रैफिक कंजेशन के समाधान के लिए यू-टर्न और रोड इंजीनियरिंग में सुधार, सेक्टर-51 स्थित बीडीएस मार्केट में अनधिकृत थ्री-व्हीलर स्टैंड से उत्पन्न समस्याओं और उनके निदान पर चर्चा की गई।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को भी लिखा पत्र
डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को भी पत्र लिखकर जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है। पत्र के माध्यम से ट्रैफिक समस्याओं, पुलिस वेरिफिकेशन, अनधिकृत बैंक्वेट हॉल से निवासियों को हो रही परेशानियों, रोड इंजीनियरिंग में सुधार, फायर विभाग को आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षण व आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, बहुमंजिला इमारतों में आग व आपदा की स्थिति से निपटने के लिए उन्नत संसाधन और हेलीकॉप्टर सुविधा, पुलिस वेरिफिकेशन प्रक्रिया को सरल बनाने, मेट्रो स्टेशनों पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा हेतु पुलिसकर्मियों की तैनाती, साइबर क्राइम से बचाव के लिए जागरूकता अभियान और शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था, प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, सेक्टरों के अंदर कमर्शियल वाहनों की पार्किंग पर रोक, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, अतिक्रमण हटाने के लिए आरडब्ल्यूए और प्राधिकरण के साथ संयुक्त अभियान चलाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

 

यह भी पढ़ें: आईएमएस में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम: बताया साइबर खतरों से कैसे निपटे

यहां से शेयर करें