नोएडा के इंडोर स्टेडियम: नोएडा सेक्टर-21 स्थित इंडोर स्टेडियम में आज शनिवार को दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव एवं विधायक खेल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद डा. महेश शर्मा एवं नोएडा विधायक श्री पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से किया। यह प्रतियोगिता 07 और 08 मार्च 2026 को आयोजित की जा रही है।
इस महोत्सव में नोएडा क्षेत्र के जूनियर, सब-जूनियर तथा छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, कुश्ती, जूडो, वेटलिफ्टिंग, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विधायक श्री पंकज सिंह ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत संवाद करते हुए उनके खेलों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी जिले और विधानसभा स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, वे मंडलीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर पाएंगे।
सांसद डा. महेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे सांसद खेल महोत्सव, फिट इंडिया, खेलो इंडिया और फिट यूथ फॉर विकसित भारत जैसे अभियानों के माध्यम से देश की युवा पीढ़ी खेलों के जरिए भारत के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेगी। सांसद खेल महोत्सव का द्वितीय चरण अब विधिवत रूप से शुरू हो चुका है और इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के “खेलेगा इंडिया, तो बढ़ेगा इंडिया” के संकल्प को साकार करना है।
आयोजन में जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री महिपाल सिंह (गौतमबुद्ध नगर एवं बुलंदशहर) तथा क्रीड़ाधिकारी श्री प्रवेज अली के साथ-साथ सभी खेलों के कोचों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर नोएडा महानगर अध्यक्ष श्री महेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अमित चौधरी, कार्यक्रम संयोजक श्री संजय बाली सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सांसद खेल महोत्सव नोएडा, गौतमबुद्ध नगर का समापन कल 08 मार्च 2026 को होगा।
यह भी पढ़ें: अखिलेश का BJP पर तीखा तंज: “मायावती को PM बनाना चाहते थे, नीतीश को रिटायर कर दिया”

