नोएडा: प्रतीक एडिफाइस सोसाइटी में घरेलू सहायिका ने की लाखों की चोरी, सोसाइटीवासियों ने जारी की फोटो

नोएडा: नोएडा के पॉश इलाकों में शुमार सेक्टर 107 स्थित प्रतीक एडिफाइस सोसाइटी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ रहने वाले अंकुश ओबराय के घर से गहने, नकदी और कीमती सामान चोरी करने के आरोप में उनकी घरेलू सहायिका सलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सोसाइटी वासियों ने इनकी फोटों जारी की ताकि लोग ऐसी घटनाओं से बच सके। हालांकि पुलिस इनकी तलाश कर रही है। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि इन घरेलू सहायकियों ने कुछ घरों में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया होगा।

घटना का विवरण

अंकुश ओबराय के घर में पहले शिल्पी नाम की महिला काम करती थी, जिसने करीब एक साल पहले सलोनी को काम पर रखवाया था। शनिवार को जब अंकुश ने अपनी तिजोरी (सेफ) खोली, तो उनके होश उड़ गए। तिजोरी से गहनों से भरा बैग गायब था। पीड़ित के अनुसार, कुछ ही दिन पहले उन्होंने और उनकी पत्नी ने गहने देखे थे, जिससे यह साफ था कि चोरी हाल ही में हुई है।

मालकिन की सूझबूझ से खुला राज

जब परिवार ने सलोनी से इस बारे में पूछताछ की, तो उसने साफ इनकार कर दिया। संदेह होने पर अंकुश की पत्नी सलोनी के घर पहुँच गईं और वहां तलाशी ली। तलाशी के दौरान सलोनी के घर से तनिष्क का एक बैग बरामद हुआ। इस बैग में चोरी किए गए गहनों के अलावा:

  • एक कीमती घड़ी
  • 9,000 रुपये नकद
  • पुराना पहचान पत्र (आधार कार्ड)

पुलिसिया कार्रवाई और सोसाइटी में अलर्ट

एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर 39 में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को अंदेशा है कि यह गिरोह अन्य घरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

सावधानी ही बचाव है: घटना के बाद प्रतीक एडिफाइस सोसाइटी के निवासियों ने आरोपियों की तस्वीरें जारी की हैं, ताकि अन्य लोग इनके झांसे में न आएं। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह घटना एक बार फिर घरेलू सहायकों के पुलिस वेरिफिकेशन (Verification) की महत्ता को रेखांकित करती है। किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में काम पर रखने से पहले उनकी पूरी जाँच-पड़ताल अवश्य करें।

यहां से शेयर करें