नोएडा। फेज-2 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और चाकू भी बरामद हुआ है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, दोनों आरोपियों को बुधवार को सेक्टर-88 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण उर्फ लेफ्टी (29) और मोहित (28) के रूप में हुई है। दोनों गौतमबुद्धनगर में अलग-अलग स्थानों पर रह रहे थे।
कॉलोनी, कंपनी और बाजारों को बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली-NCR की रिहायशी कॉलोनियों, कंपनियों के आसपास, साप्ताहिक बाजारों और दुकानों के बाहर खड़ी बाइकों पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल आगे लूट जैसी वारदातों में भी किया जाता था। पकड़े जाने या विरोध की आशंका में आरोपी अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे। चोरी के वाहन बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांटकर ऐशो-आराम में खर्च कर देते थे।
दिल्ली से चोरी की बाइकें भी बरामद
बरामद 11 मोटरसाइकिलों में से दो बाइकें दिल्ली के गाजीपुर ईस्ट और अमर कॉलोनी थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। जब्त वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, बजाज प्लेटिना, पैशन प्रो और एचएफ डीलक्स जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कृष्ण उर्फ लेफ्टी के खिलाफ चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 10 मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित के खिलाफ आबकारी अधिनियम और अवैध हथियार से जुड़े मामलों समेत 7 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और अन्य चोरी किए गए वाहनों का पता लगाया जा सके।

