एनसीआरटीसी और आईआरसीटीसी ने शुरू की एकीकृत टिकटिंग

नमो भारत-रेल यात्रा अब एक क्लिक पर, डिजिटल पहल से यात्रियों को मिलेगी निर्बाध यात्रा सुविधा

New Delhi news नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी डिजिटल पहल की है। दोनों संस्थानों ने मिलकर एक निर्बाध और एकीकृत टिकटिंग प्रणाली शुरू की है, जिससे अब भारतीय रेल और नमो भारत के बीच यात्रा की योजना बनाना और टिकट बुक करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है।

इस नई व्यवस्था के तहत नमो भारत के यात्री एनसीआरटीसी के नमो भारत ऐप पर उपलब्ध आईआरसीटीसी आइकन पर क्लिक कर सीधे भारतीय रेल के टिकट बुक कर सकते हैं। वहीं आईआरसीटीसी के यात्री यदि दिल्ली को गंतव्य बनाकर ट्रेन टिकट बुक करते हैं, तो वे आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट ऐप में अपनी बुकिंग डिटेल खोलकर एनसीआरटीसी आइकन पर क्लिक कर नमो भारत का टिकट भी आसानी से ले सकते हैं। इससे दोनों प्लेटफॉर्म्स के बीच एंड-टू-एंड डिजिटल इंटीग्रेशन सुनिश्चित हुआ है।

‘वन इंडिया-वन टिकट’ की ओर कदम

यह एकीकृत प्रणाली यात्रियों को बार-बार जानकारी दर्ज करने की परेशानी से भी राहत देती है। आईआरसीटीसी ई-टिकट बुक करने के बाद एनसीआरटीसी टिकट का विकल्प पीएनआर कन्फर्मेशन पेज और टिकट बुकिंग हिस्ट्री में उपलब्ध होगा। यह पहल भारत सरकार की “वन इंडिया–वन टिकट” परिकल्पना के अनुरूप है।

यात्रा होगी और सहज

उदाहरण के तौर पर मेरठ से नमो भारत के जरिए दिल्ली आने वाला यात्री अब इसी प्रणाली से अपनी आगे की लंबी दूरी की ट्रेन यात्रा का टिकट भी बुक कर सकता है। आनंद विहार नमो भारत स्टेशन से सीधे आनंद विहार रेलवे स्टेशन तक सहज कनेक्टिविटी से यात्रा और भी सुगम हो जाती है।

डीएमआरसी के साथ भी सहयोग

एनसीआरटीसी ने हाल ही में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के साथ भी एकीकृत टिकटिंग व्यवस्था लागू की है, जिससे नमो भारत और मेट्रो के बीच मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। वर्तमान में 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का 55 किलोमीटर हिस्सा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक संचालित है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें