नबी करीम थाना पुलिस ने बचाईं 8 जिंदगियां

पहाड़गंज आग हादसा: पुलिस की बहादुरी से टली बड़ी त्रासदी

New Delhi news मध्य जिले की नबी करीम थाना पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में एक होटल में लगी आग से आठ लोगों की जान बचाई। थाना प्रभारी गुलशन नागपाल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। यह घटना वीरवार तड़के करीब तीन बजे होटल पल्लवी में हुई।

सुबह के अंधेरे में होटल में आग लगने की खबर पुलिस को मिली। नबी करीम थाने की टीम फौरन मौके पर पहुंची। उस वक्त न दमकल की गाड़ियां थीं, न पीसीआर वैन। होटल में कई लोग फंसे थे और धुआं-आग तेजी से फैल रही थी। थाना प्रभारी गुलशन नागपाल ने बिना वक्त गंवाए रेस्क्यू शुरू करवाया। कांस्टेबल मुकुल, फेरू और संजय ने धुएं भरी आग के बीच होटल में घुसकर एक-एक कर लोगों को बाहर निकाला। उनकी सूझबूझ और हिम्मत से बड़ा हादसा टल गया।

8 लोगों को सुरक्षित निकाला, 3 घायल

इस ऑपरेशन में कुल आठ लोग सुरक्षित बचाए गए। हालांकि, आग और धुएं से तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है और इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि थोड़ी और देरी होती तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।

डीसीपी ने की पुलिसकर्मियों की सराहना

डीसीपी आनंद मित्तल ने पुलिस टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि समय रहते त्वरित कार्रवाई से आठ जिंदगियां बचीं। कांस्टेबल मुकुल, संजय और फेरू ने साहस का परिचय दिया। कांस्टेबलों ने बताया कि हालात खतरनाक थे, लेकिन लोगों की जान बचाना हमारा कर्तव्य था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कोई जनहानि नहीं हुई।

New Delhi news

यहां से शेयर करें