नोएडा। मुहर्रम के पावन अवसर पर आज शुक्रवार को नोएडा शहर के विभिन्न इलाकों में मातमी जुलूस शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से निकाले गए। हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को याद करते हुए हजारों शोकाकुल श्रद्धालुओं ने जुलूसों में शिरकत की। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे पूरा आयोजन बेहद शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
रात से ही मुस्तैद रही पुलिस
पुलिसकर्मी रात से ही व्यवस्थाओं में जुटे हुए थे। जुलूस मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाने के साथ-साथ यातायात संचालन की विशेष योजना भी लागू की गई। विभिन्न सेक्टरों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
इन मार्गों से निकले जुलूस
आज का प्रमुख जुलूस सेक्टर-8 स्थित जामा मस्जिद से शुरू हुआ और सेक्टर-9, बांस-बल्ली मार्केट, बैंक ऑफ इंडिया मार्ग, सेक्टर-21 स्टेडियम चौराहा और सेक्टर-12 से गुजरते हुए सेक्टर-4 पार्क पर संपन्न होगा। इसके अलावा सेक्टर-22 से भी एक जुलूस निकाला जा रहा है, जबकि एडोब चौराहे से शुरू हुआ एक अन्य जुलूस भी निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा।
सौहार्द और अमन का रहा माहौल
पूरे शहर में मुहर्रम के जुलूसों के दौरान अमन और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। प्रशासन की सतर्कता और नागरिकों के सहयोग से आयोजन निर्विघ्न संपन्न हुआ। पुलिस की सक्रिय उपस्थिति और पूर्व नियोजित व्यवस्था के चलते किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली।

