Mobile Blast: गाजियाबाद स्टेशन पर जेब में फटा मोबाइल, दनकौर के युवक के दोनों हाथ झुलसे; मची भगदड़

Mobile Blast: ग्रेटर नोएडा/गाजियाबाद। मोबाइल फोन के फटने की एक और दहशत भरी घटना सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके के रहने वाले 26 वर्षीय मोहम्मद माजिद की जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में युवक के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए, साथ ही शरीर के निचले हिस्से में भी गंभीर चोटें आईं।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस और परिजनों के मुताबिक यह घटना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हुई जब माजिद अपने घर लौटने के लिए स्टेशन पर खड़ा था। अचानक उसकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल गर्म होने लगा और देखते ही देखते जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और स्टेशन पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। धमाके के तुरंत बाद माजिद के कपड़ों में आग की लपटें उठती दिखीं, जिससे उसके दोनों हाथ और शरीर का निचला हिस्सा झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन जलने के घाव गहरे हैं।

एक महीने पहले ही खरीदा था फोन

परिजनों ने बताया कि माजिद ने यह स्मार्टफोन करीब एक महीने पहले ही खरीदा था। इतने कम समय में फोन में विस्फोट होने से परिवार हैरान और गुस्से में है। परिजनों ने संबंधित मोबाइल कंपनी की गुणवत्ता और बैटरी सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े किए हैं और मुआवजे के साथ-साथ मामले की जांच की मांग की है।

लगातार सामने आ रहे मोबाइल ब्लास्ट के मामले

गौरतलब है कि हाल के महीनों में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से जेब में रखे स्मार्टफोन के फटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीते समय में ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में भी एक युवक की जेब में रखा तीन साल पुराना फोन फटने से वह घायल हो गया था। ऐसी घटनाओं ने स्मार्टफोन बैटरियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता खड़ी कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि फोन का लगातार गर्म होना, घटिया बैटरी, ओवरचार्जिंग और डुप्लीकेट चार्जर का इस्तेमाल ऐसे हादसों की बड़ी वजह हो सकते हैं।

बरतें ये सावधानियां

– फोन को सीधे धूप या अत्यधिक गर्मी में न रखें

– सोते समय मोबाइल को बिस्तर के पास या तकिए के नीचे न रखें

– कंपनी द्वारा दिए गए ओरिजिनल चार्जर का ही इस्तेमाल करें

– फोन बार-बार गर्म हो रहा हो तो तुरंत जांच कराएं

– फुल चार्ज होने के बाद फोन को देर तक चार्जिंग पर न लगा रहने दें

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट के पीछे बैटरी में खराबी थी या कोई अन्य तकनीकी वजह। परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

यह भी पढ़ें: Greater Noida Bisrakh Police Station: बिसरख थाना प्रभारी लाइन हाजिर, ग्रेटर नोएडा पुलिस कार्रवाई, राइस चौकी इंचार्ज सस्पेंड

यहां से शेयर करें