नोएडा। मायलोमा अवेयरनेस मंथ के तहत मेदांता हॉस्पिटल नोएडा ने पिकू स्पोर्ट्स के सहयोग से ‘मेदांता नोएडा अवेयरनेस रन — मार्च फॉर मायलोमा’ का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मल्टीपल मायलोमा यानी ब्लड कैंसर के प्रति आम लोगों में जागरूकता फैलाना और समय पर जांच व आधुनिक इलाज के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था।
सुबह 6 बजे हॉस्पिटल परिसर से शुरू हुई इस दौड़ में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें डॉक्टर, हॉस्पिटल स्टाफ, मरीज, कैंसर सर्वाइवर्स और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। आयोजन में 10 किमी, 5 किमी और 3 किमी की दौड़ के साथ ही कैंसर सर्वाइवर्स के लिए विशेष 1 किमी वॉक का भी आयोजन किया गया, जिसने सभी उपस्थित लोगों को गहरे रूप से प्रेरित किया।
प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। उन्हें टी-शर्ट, हाइड्रेशन सपोर्ट, एनर्जी ड्रिंक्स, फिनिशर मेडल, सर्टिफिकेट और रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराए गए। पूरे मार्ग पर मेडिकल टीमें भी तैनात रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें ओवरआॅल कैटेगरी के शीर्ष तीन पुरुष एवं महिला विजेताओं के साथ-साथ अंडर-18, 18-45, 45-60 और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्गों के प्रतिभागी भी शामिल रहे।
मेदांता हॉस्पिटल नोएडा के हीमेटो-आॅन्कोलॉजी एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट विभाग की निदेशक डॉ. ईशा कौल ने बताया कि मल्टीपल मायलोमा एक गंभीर प्रकार का ब्लड कैंसर है, जो बोन मैरो के प्लाज्मा सेल्स को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि इसके प्रमुख लक्षणों में हड्डियों में दर्द, थकान, बार-बार संक्रमण, वजन कम होना और किडनी से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। डॉ. कौल ने जोर देते हुए कहा कि समय पर जांच और जागरूकता से इस बीमारी की पहचान शुरुआती चरण में की जा सकती है, जिससे इलाज अधिक प्रभावी और सफल हो सकता है।
इस आयोजन ने न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया, बल्कि कैंसर सर्वाइवर्स की जीवटता और हौसले ने हर प्रतिभागी के मन में एक नई उम्मीद और ऊर्जा का संचार किया।

