Suicide: मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक घर से पति, पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चों के शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस तथा आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह काफी देर तक जब परिवार का कोई सदस्य कमरे से बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ। खिड़की से झांकने पर अंदर का दृश्य देखकर लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने कमरे का मुआयना किया तो शवों के पास दूध के गिलास पड़े मिले, जिससे प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि मौत का कारण दूध में मिलाया गया कोई जहरीला पदार्थ हो सकता है।
Suicide:
सुबह देर तक दरवाज़ा न खुला तो हुई भनक
सूत्रों के अनुसार, खप्परपुर निवासी 35 वर्षीय मनीष, जो खेती का कार्य करते थे, सुबह जब घर का कोई भी सदस्य बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शंका हुई। भीतर जाकर देखा गया तो मनीष, उनकी पत्नी 32 वर्षीय सीमा और उनके तीन बच्चे—पांच वर्षीय हनी, चार वर्षीय प्रियांशी और दो वर्षीय पंकज—निर्जीव अवस्था में पड़े थे। एक साथ पाँच शव देखकर गांव में चीख-पुकार मच गई।
दीवार पर मिला संदेश: “हम स्वयं आत्महत्या कर रहे हैं”
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घर की रसोई की दीवार पर आत्महत्या से संबंधित एक वाक्य लिखा मिला है, जिससे जांच का रुख सामूहिक आत्महत्या की ओर गया है। घटनास्थल से दूध के गिलास भी मिले हैं, जिनमें जहर मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे घर की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि मौतों के पीछे के कारणों की पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद हो सकेगी।
हाल ही में पिता का निधन, दो भाई पास ही रहते हैं
ग्रामीणों के मुताबिक मनीष का परिवार कुछ समय से मानसिक तनाव में था। उनके पिता का कुछ दिन पहले ही निधन हुआ था। मनीष के दो भाई घर के पास ही रहते हैं, जिनसे भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
पुलिस जांच जारी
एएसपी ने बताया कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। परिवार के आर्थिक, सामाजिक और मानसिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की गहन पड़ताल की जा रही है।
Suicide:

