ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से सड़क हुई सुरक्षित
New Delhi news दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए आजादपुर मंडी क्षेत्र में संभावित सड़क हादसों को टाल दिया। बारिश के बाद नाले के ओवरफ्लो होने से सड़क पर जमा हुई कीचड़नुमा गाद के कारण फिसलन की स्थिति बन गई थी, जिससे कई दोपहिया वाहन फिसल चुके थे। समय रहते ट्रैफिक पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त कार्रवाई से सड़क को सुरक्षित बना दिया गया।
उत्तरी रेंज की यातायात पुलिस उपायुक्त संध्या स्वामी के अनुसार मॉडल टाउन सर्किल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर और उनकी टीम आजादपुर मंडी पंचवटी रेड लाइट पर नियमित ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात थी। इसी दौरान एक स्थानीय वाहन चालक ने उन्हें सूचना दी कि पंचवटी रेड लाइट से आजादपुर चौक की ओर जाने वाली सड़क पर सबवे के पास गाद और कीचड़ जमा होने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत आपात सुरक्षा उपाय लागू किए। प्रभावित सड़क हिस्से पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की गति नियंत्रित की गई और ट्रैफिक को केवल दाहिनी लेन से ही निकाला गया, ताकि वाहन फिसलन वाले हिस्से से दूर रहें। साथ ही, कंट्रोल रूम के माध्यम से दिल्ली फायर सर्विस से तत्काल सहायता मांगी गई।
दमकल विभाग की त्वरित मदद
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक फायर टेंडर मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने पानी की तेज धार से सड़क पर जमी गाद और फिसलन को पूरी तरह साफ कर दिया। इसके बाद यातायात सुचारू रूप से बहाल हो गया और सड़क उपयोगकतार्ओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की इस सक्रिय पहल से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली।

New Delhi news

