Kanpur Lamborghini accident: कानपुर में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की लैंबॉर्गिनी से हुई दुर्घटना का मामला गरमाता जा रहा है। नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद काले SUV से उतरे बॉडीगार्ड्स तेजी से दौड़कर लैंबॉर्गिनी के पास पहुंचे और ड्राइवर को बाहर निकाला। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बॉडीगार्ड्स ने ड्राइवर सीट से व्यक्ति को बाहर खींचा, जिसे अब शिवम मिश्रा बताया जा रहा है। हालांकि गाड़ी की डार्क टिंटेड विंडो के कारण पहले यह स्पष्ट नहीं था कि ड्राइवर कौन था।
रविवार (9 फरवरी) दोपहर को VIP रोड पर रेव-3 मॉल के पास तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी रेवुएल्टो अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और पैदल चल रहे लोगों से टकराई, फिर खंभे से जा भिड़ी। हादसे में छह लोग घायल हुए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आईं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस कार्रवाई और विवाद
पुलिस ने 10-12 करोड़ की लैंबॉर्गिनी जब्त कर ली है। शुरू में अज्ञात चालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई, लेकिन जांच में शिवम मिश्रा का नाम सामने आया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा, “शिवम मिश्रा ही गाड़ी चला रहे थे। कानून सभी के लिए बराबर है।”
हादसे के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस शिवम के घर पहुंची, लेकिन प्रवेश नहीं मिला। ग्वालटोली थाने के SHO संतोष कुमार गौड़ को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया। थाने में जब्त लैंबॉर्गिनी के साथ पुलिसकर्मियों के सेल्फी लेने की तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं।
बचाव पक्ष का दावा
शिवम के वकील मृत्युंजय मिश्रा ने कहा, “शिवम गाड़ी नहीं चला रहे थे। हायर ड्राइवर मोहन ड्राइव कर रहा था। यह दुर्घटना का मामला है।” परिवार का दावा है कि शिवम को सीजर (दौरा) पड़ा था, जिससे हादसा हुआ। शिवम की जमानत अर्जी दाखिल कर दी गई है, जिस पर मंगलवार (11 फरवरी) को सुनवाई होगी।
सोशल मीडिया पर लोग अमीरी के आगे कानून की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं। कई इसे पुणे पोर्शे हादसे से जोड़कर देख रहे हैं। जांच जारी है और आने वाले दिनों में बड़ा अपडेट आने की उम्मीद है।

