कानपुर डबल मर्डर: जुड़वां बहनों की हत्या में पारिवारिक विवाद और ‘चंडीगढ़ कनेक्शन’ सामने

Kanpur double murder:

दंपती के रिश्तों में दरार, अलग-अलग रहने लगे थे दोनों

UP NEWS: कानपुर के किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में जुड़वां बहनों की निर्मम हत्या के मामले में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता शशिरंजन मिश्रा और उसकी पत्नी रेशमा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों एक ही घर में रहते थे, लेकिन उनके कमरे अलग-अलग थे।

UP NEWS:

परिवारिक कलह की एक बड़ी वजह आरोपी का चंडीगढ़ की एक महिला से बढ़ता संपर्क बताया जा रहा है। पत्नी के मुताबिक, कोरोना काल के बाद आरोपी का चंडीगढ़ आना-जाना बढ़ गया था, जिससे घर में तनाव लगातार बढ़ता गया।

पुलिस जांच में ‘चंडीगढ़ लिंक’ पर फोकस

पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चंडीगढ़ की महिला से उसका रिश्ता कितना गहरा था और क्या इस विवाद का हत्या से कोई सीधा संबंध है। हालांकि अभी तक आरोपी ने हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह नहीं बताई है।

सख्ती और नियंत्रण में रहती थीं बच्चियां

परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी पिता अपनी बेटियों पर काफी सख्त नियंत्रण रखता था। उन्हें बाहर खेलने या अन्य बच्चों से ज्यादा घुलने-मिलने की अनुमति नहीं थी। शनिवार देर रात आरोपी ने अपनी 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों रिद्धि-सिद्धि की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने से पहले बच्चियों को नशीला पदार्थ दिया गया था। पूरी घटना कमरे में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, वहीं पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव जैसे मुद्दों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

UP NEWS:

यहां से शेयर करें