Israel-Iran: ईरान। पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हवाई हमलों ने हालात को बड़े क्षेत्रीय संघर्ष की ओर धकेल दिया है। ईरान के कई शहरों में भीषण बमबारी की गई, जबकि जवाब में ईरान ने विभिन्न देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।
Israel-Iran:
सबसे बड़ा झटका—ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत। ईरानी मीडिया ने इसकी पुष्टि की है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में भू-राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस्राइल की वायुसेना ने दावा किया है कि अमेरिका की मदद से पिछले 24 घंटे में 1200 से अधिक बम ईरान के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर गिराए गए।
अल जज़ीरा के अनुसार, दक्षिणी ईरान के मीनाब स्थित एक प्राथमिक विद्यालय पर बमबारी में 148 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए तेहरान में रक्षा परिषद की बैठक को निशाना बनाते हुए किए गए हमले में सेना प्रमुख जनरल अब्दुल रहीम मुसावी, रक्षा मंत्री जनरल अजीज नासिरजादेह, रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख, सुरक्षा सलाहकार अली शमखानी, सहित कई शीर्ष अधिकारी मारे गए।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार संयुक्त अमेरिकी-इस्राइली हमले में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद देश में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। 1989 से सत्ता में रहे खामेनेई तीन दशक से अधिक समय तक ईरान के सर्वोच्च नेतृत्व पद पर रहे।
Israel-Iran:
दुबई में इंटरसेप्टेड ड्रोन का मलबा गिरा, दो घायल
दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि एयर डिफेंस ने कई ड्रोन इंटरसेप्ट किए, जिनका मलबा दो घरों में गिरा। इसमें दो लोग घायल हुए, जिन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अमीरात में सुनी गई तेज आवाजें इंटरसेप्शन ऑपरेशन का हिस्सा थीं। कतर एयरलाइन ने हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं। अगला अपडेट 2 मार्च की सुबह 9 बजे जारी किया जाएगा।
ट्रंप पर हमले की मंजूरी का दबाव?
अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी इस हमले के पक्ष में नहीं थी, लेकिन एक प्रमुख मुस्लिम देश के राजनीतिक दबाव में तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले को मंजूरी दी। यह खुलासा राजनीतिक हलकों में विवाद को और गहरा कर रहा है।
पाकिस्तान में बवाल, कराची में हिंसक प्रदर्शन
खामेनेई की मौत की खबर के बाद पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी दूतावास के बाहर हिंसक विरोध भड़क उठा। पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प, आंसू गैस और लाठीचार्ज, कई लोग घायल, सभी घायलों को सिविल अस्पताल भेजा गया।
कराची के कई इलाकों—माई कोलाची रोड, सुल्तानाबाद—को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया। जिन्ना ब्रिज से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया और लोगों से प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई।
ईरान का पलटवार—14 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले
खामेनेई की मौत के तुरंत बाद ईरान ने इजरायल, सऊदी अरब, कतर, यूएई, ओमान और कुवैत की दिशा में मिसाइलें दागीं। इसके साथ ही ईरान ने 14 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले भी किए। जिससे मध्य पूर्व में तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
Israel-Iran:

