अवैध भूजल दोहन: नोएडा में बढ़ा विवाद, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

अवैध भूजल दोहन: जनपद गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर 149, 151 और 153 में बिल्डरों द्वारा लंबे समय से कथित रूप से अवैध भूजल दोहन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायतों के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई न होने पर सामाजिक संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से इन सेक्टरों में बड़े स्तर पर भूजल का दोहन किया जा रहा है। इस संबंध में भूजल विभाग और जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, साथ ही 10 दिन पूर्व जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह को भी लिखित शिकायत सौंपी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि सेक्टर 151 में एनपीएस बिल्डिंग के पीछे सैकड़ों पंपों के जरिए 24 घंटे स्वच्छ पानी निकाला जा रहा है, जिसे निजी बिल्डर बर्बाद कर रहे हैं। इसी तरह सेक्टर 153 में भी लगातार भूजल दोहन जारी है। उनका आरोप है कि विभागीय मिलीभगत के चलते यह अवैध गतिविधि खुलेआम चल रही है। चौधरी प्रवीण भारतीय ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में क्षेत्र के लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होना चिंताजनक है और इससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस मुद्दे पर कल जिलाधिकारी से मुलाकात कर कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी। यदि इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 1 अप्रैल से PAN-Aadhaar नियम सख्त: नाम मैच नहीं हुआ तो ‘इनऑपरेटिव’ हो सकता है PAN

यहां से शेयर करें