Greater Noida West: आम्रपाली गोल्फ होम्स में परिवार 30 मिनट तक फंसा, घुटन से बुजुर्ग व बच्चे बेहाल; निवासियों का हंगामा, पुलिस में शिकायत

Greater Noida West: आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंग्सवुड सोसायटी (एल-9 टावर) में रविवार शाम एक परिवार के चार सदस्य लिफ्ट में फंस गए। करीब 30 मिनट तक घुटन भरी लिफ्ट में फंसे रहने के बाद उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया। घटना के बाद निवासियों ने सोसायटी प्रबंधन और एओए के खिलाफ जमकर हंगामा किया। बिसरख पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

घटना का विवरण
एल-9 टावर के निवासी अचिन राठौर का परिवार ग्राउंड फ्लोर से बेसमेंट पार्किंग की तरफ़ जा रहा था। लिफ्ट अचानक रुक गई और दरवाजा नहीं खुला। परिवार में अचिन की बुजुर्ग मां, 9 वर्षीय बेटा, पत्नी और बहन शामिल थे। कई बार इमरजेंसी अलार्म बजाने और शोर मचाने के बावजूद तुरंत मदद नहीं पहुंची। लिफ्ट में वेंटिलेशन की व्यवस्था ठीक नहीं थी और पंखा भी बंद था, जिससे घुटन बढ़ने लगी। बुजुर्ग महिला और बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी।

आखिरकार पास से गुजर रहे एक अन्य निवासी ने आवाज सुनकर अलर्ट किया। तब जाकर लोगों ने लिफ्ट का गेट खोलने में मदद की। सुरक्षा गार्डों को लिफ्ट खोलने की तकनीकी जानकारी तक नहीं थी, जिससे रेस्क्यू में देरी हुई। परिवार ने बताया, “अगर थोड़ी देर और लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।”

निवासियों का आक्रोश
घटना के बाद सोसायटी में तनाव फैल गया। दर्जनों निवासियों ने एओए (एसोसिएशन ऑफ ऑलोटीज) और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि सोसायटी में लिफ्टों की नियमित मेंटेनेंस नहीं होती। कई टावरों में पजेशन दिए जाने के बावजूद लिफ्टें खराब पड़ी हैं। ड्रीम वैली-2 सोसायटी के एओए अध्यक्ष हरि श्याम ठाकुर ने कहा, “करीब तीन हजार परिवार प्रभावित हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।”

एओए अध्यक्ष का आश्वासन
आम्रपाली गोल्फ होम्स के एओए अध्यक्ष राघवेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “संबंधित कंपनी को लिफ्ट की तुरंत तकनीकी जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। सभी टावरों के गार्डों को लिफ्ट इमरजेंसी नंबर उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी देरी न हो।” उन्होंने जांच रिपोर्ट आने तक सभी लिफ्टों की स्पेशल चेकिंग कराने का भी वादा किया।

पुलिस कार्रवाई
परिवार ने बिसरख पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। निवासी अब सोसायटी में लिफ्ट सेफ्टी को लेकर स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

सोसायटी में पुरानी समस्या
आम्रपाली गोल्फ होम्स में यह पहली बार नहीं है जब लिफ्ट ने निवासियों को परेशान किया है। पिछले कुछ महीनों में भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ए-7 टावर में 70 से ज्यादा परिवार बिना लिफ्ट के रह रहे हैं। निवासी एनबीसीसी और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटियों में लिफ्ट सेफ्टी और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम पर सवाल उठा रही है। निवासी मांग कर रहे हैं कि बिल्डर और एओए तुरंत सभी लिफ्टों की मेंटेनेंस कराएं और ट्रेंडेड स्टाफ तैनात करें, वरना जान-माल का खतरा बना रहेगा।

यहां से शेयर करें