Greater Noida West:थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत गौर सौन्दर्यम सोसाइटी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ एक 25 वर्षीय युवती ने अपने ही फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान शिविका, पुत्री विनय ठकराल के रूप में हुई है, जो गौर सौन्दर्यम सोसाइटी के शेरोन टावर में अपने परिवार के साथ निवास करती थीं। युवती ने उसी टावर में स्थित अपने फ्लैट से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही थाना बिसरख की पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।
पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से जाँच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों और कारणों से युवती ने इतना बड़ा कदम उठाया। जाँच के दौरान परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह घटना पूरे क्षेत्र में शोक की लहर लेकर आई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जाँच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें: Noida Police: क्रूज में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह पर्दाफाश

