चलती स्विफ्ट कार में लगी आग, युवकों ने पानी डालकर बुझाई

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र के डेल्टा-1 गोलचक्कर पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क पर चल रही एक स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कार में दो युवक सवार थे।

समय रहते संभाली स्थिति

आग लगते ही कार में बैठे दोनों युवकों ने सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद उन्होंने पास रखी पानी से भरी दो बड़ी बोतलों का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया। उनकी तत्परता के चलते न तो कोई जनहानि हुई और न ही आग ज्यादा फैल सकी।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग लगने की वजह गाड़ी में शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है और सही कारण की जांच की जा रही है।

मौके पर जुटी भीड़, पुलिस तक नहीं पहुंची शिकायत

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके से लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। दिलचस्प बात यह रही कि इस घटना को लेकर पुलिस के पास न तो कोई शिकायत दर्ज कराई गई और न ही किसी ने सीधे तौर पर सूचना दी। पुलिस के अनुसार, उन्हें इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से मिला, जिसके आधार पर मामले की जानकारी सामने आई। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुटी है ताकि आग लगने के असली कारण का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में एक ही दिन तीन मौतें, तनाव की बात सामने आई

यहां से शेयर करें