सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार वापसी, चांदी ₹24 हजार उछली, सोना ₹5 हजार महंगा

Gold Silver Price:

Gold Silver Price: नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतें एक बार फिर आसमान छूने लगी हैं। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को तीन दिन की तेज गिरावट के बाद कीमती धातुओं में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। वैश्विक बाजारों में मजबूती और अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के बीच चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया, जबकि सोने के दाम भी मजबूत हुए।

Gold Silver Price:

चांदी की कीमतों में 24,000 की तेजी

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत ₹24,000 यानी 9.23 प्रतिशत बढ़कर ₹2,84,000 प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पहुंच गई। सोमवार को चांदी ₹52,000 की गिरावट के साथ ₹2,60,000 प्रति किलो पर बंद हुई थी।
बीते तीन कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमतों में कुल ₹1,44,500 यानी करीब 36 प्रतिशत की भारी गिरावट आई थी। इससे पहले 29 जनवरी को चांदी ₹4,04,500 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी।

सोना 5,000 चढ़ा, लेकिन रिकॉर्ड से अब भी नीचे

सोने की कीमतों में भी रिकवरी दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना ₹5,000 या 3.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹1,57,700 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोमवार को यह ₹1,52,700 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
हालांकि, सोना अब भी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे है। 29 जनवरी को सोना ₹1,83,000 प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था, जहां से अब तक इसमें करीब ₹30,300 यानी लगभग 17 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

मुनाफावसूली के बाद लौटी खरीदारी

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, हालिया तेज गिरावट के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की थी, लेकिन अब कीमतों में आई नरमी को खरीदारी के मौके के रूप में देखा जा रहा है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, रिकॉर्ड तेजी के बाद आई भारी गिरावट से सोना चार हफ्तों के निचले स्तर पर पहुंच गया था, जिसके बाद इसमें आंशिक रिकवरी देखने को मिली।
चांदी में भी दो दिन की जोरदार बिकवाली के बाद बॉटम फिशिंग से कीमतों को सहारा मिला है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी घरेलू रुझान की झलक देखने को मिली। स्पॉट सिल्वर 12.07 प्रतिशत उछलकर 88.77 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट गोल्ड 5.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,935.49 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।

आगे भी बनी रह सकती है अस्थिरता

कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी कमोडिटी रिसर्च कायनात चेनवाला ने कहा कि दोनों कीमती धातुओं में तेज रिकवरी देखने को मिली है। बीते दो सत्रों में 15 से 30 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के बाद यह उछाल आया है।
उन्होंने बताया कि हालिया बिकवाली उच्च मार्जिन आवश्यकताओं और इस आशंका से बढ़ी कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति में ढील आने में अभी समय लग सकता है। आगे सोना और चांदी दोनों में अस्थिरता बने रहने की संभावना है। निवेशकों की नजर अमेरिका के आगामी रोजगार आंकड़ों पर रहेगी, जो ब्याज दरों में कटौती के समय को लेकर संकेत दे सकते हैं। इसके अलावा, चीनी बाजारों की गतिविधियां भी अहम रहेंगी, जहां चीनी नववर्ष की छुट्टियों के बाद तेज हलचल की आशंका जताई जा रही है।

Gold Silver Price:

यहां से शेयर करें