GBU Noida AI Centre: ग्रेटर नोएडा। 1M1B संस्था और माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में खुलेगा ‘सेंटर फॉर ग्रीन स्किल्स एंड एप्लाइड एआई फॉर क्लाइमेट एक्शन’, लखनऊ विश्वविद्यालय के बाद प्रदेश का दूसरा केंद्र, बदलती तकनीक और रोजगार बाजार की नई मांगों को ध्यान में रखते हुए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में जल्द ही ‘सेंटर फॉर ग्रीन स्किल्स एंड एप्लाइड एआई फॉर क्लाइमेट एक्शन’ की स्थापना होने जा रही है। यह केंद्र 1एम1बी संस्था और माइक्रोसॉफ्ट के संयुक्त सहयोग से तैयार किया जाएगा और युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व ग्रीन तकनीक के क्षेत्र में भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करेगा।
उत्तर प्रदेश में इस तरह के दो केंद्र खोले जा रहे हैं—एक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में और दूसरा लखनऊ विश्वविद्यालय में। जानकारी के मुताबिक अगले तीन वर्षों में प्रदेश के 15 हजार से अधिक युवाओं को एआई, ग्रीन स्किल्स और भविष्य की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें से करीब तीन हजार चुनिंदा छात्रों को एडवांस लर्निंग, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स की मेंटरशिप और करियर डेवलपमेंट प्रोग्राम के जरिए सीधे नौकरी के लिए तैयार किया जाएगा।
पर्यावरण विभाग के तहत होगा संचालन
जीबीयू के कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह के अनुसार, यह केंद्र विश्वविद्यालय के पर्यावरण विभाग के अंतर्गत काम करेगा। यहां छात्रों को एआई, ग्रीन टेक्नोलॉजी, सस्टेनेबिलिटी और उभरती डिजिटल तकनीकों की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थी वास्तविक जीवन की समस्याओं पर आधारित प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे और उद्योग विशेषज्ञों की देखरेख में एआई आधारित समाधान और प्रोटोटाइप तैयार करेंगे। चयनित छात्रों को संरचित इंटर्नशिप, एआई लर्निंग मॉड्यूल, करियर रेडीनेस कार्यक्रम और उद्योग जगत से सीधे जुड़ने के अवसर भी मिलेंगे। इसके साथ ही रोजगार मेले, प्लेसमेंट ड्राइव, इनोवेशन शोकेस जैसे आयोजन भी नियमित रूप से कराए जाएंगे, ताकि छात्रों को नौकरी और स्टार्टअप—दोनों क्षेत्रों में बेहतर अवसर मिल सकें।
देश में अब तक तीन जगह संचालित हो रहा कार्यक्रम
अभी तक यह पहल देश में सिर्फ कर्नाटक में चल रही है। लखनऊ विश्वविद्यालय में केंद्र स्थापित हो चुका है और जल्द ही इसका शुभारंभ होने वाला है। इसके अलावा तेलंगाना और मेघालय में भी जल्द इसे शुरू किया जाना है। लखनऊ के बाद उत्तर प्रदेश में जीबीयू को ही इसके लिए चुना गया है, जिससे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के हजारों युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम से छात्रों को मिलने वाले फायदे
माइक्रोसॉफ्ट समर्थित एआई और ग्रीन स्किल्स की मुफ्त ट्रेनिंग, पढ़ाई के साथ इंटर्नशिप और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स की मेंटरशिप, रोजगार मेलों और प्लेसमेंट ड्राइव से बेहतर नौकरी के अवसर, रियल प्रॉब्लम्स पर एआई आधारित इनोवेशन और सॉल्यूशन बनाने का मौका, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा, सेल्फ-एम्प्लॉयमेंट के नए रास्ते, उद्योगों की जरूरत के अनुसार कुशल मानव संसाधन तैयार होंगे, विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा युवा राज्य है, ऐसे में तेजी से बढ़ते औद्योगिक निवेश, स्टार्टअप इकोसिस्टम और डिजिटल इकॉनमी की मांग को देखते हुए यह पहल शिक्षा संस्थानों, उद्योग जगत और सरकार के बीच एक मजबूत साझेदारी विकसित करेगी और प्रदेश को एआई व ग्रीन इनोवेशन के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।

