ग्रेटर नोएडा। विधायक तेजपाल नागर ने आज ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक तेजपाल नागर ने चार मूर्ति चौराहे पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अंडरपास का विशेष रूप से मुआयना किया। उन्होंने इसे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करार दिया। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए प्रस्तावित आधुनिक श्मशान घाट के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। विधायक ने 60 मीटर रोड के चौड़ीकरण कार्य तथा चार मूर्ति से तिगरी तक मुख्य मार्ग के विस्तार का भी निरीक्षण किया। यह परियोजना क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और आवागमन को सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर प्रभात शंकर, विधायक प्रतिनिधि दीपक यादव, मंडल अध्यक्ष लोकेश त्यागी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश चौहान, आशीष दुबे एवं कमल जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विधायक श्री तेजपाल नागर ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

